जम्मू। टोक्यो ओलंपिक में देश के खिलाड़ियों के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर जिला प्रशासन जम्मू ने साइकिल रैली निकाली। उप-राज्यपाल के सलाहकार फारुख खान ने रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। गांधीनगर के दशहरा ग्राउंड से शुरू हुई रैली शहर के विभिन्न स्थानों से गुजरी। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ओलंपिक में देश की जीत का जश्न मनाना और युवाओं को देश के आजादी में योगदान और बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों की जीवनी से अवगत करवाना था।
दशहरा ग्राउंड से शुरू हुई साइकिल रैली सतवारी, डोगरा चौक, आंबेडकर चौक, गांधीनगर गोल मार्केट से होते हुए दशहरा ग्राउंड में संपन्न हुई। रैली में शामिल युवाओं ने शहरवासियों में देशभक्ति की भावना बढ़ाने के लिए साइकिल पर तिरंगा लगाया था। जिला प्रशासन ने कोविड एसओपी के तहत इस रैली का सफल आयोजन किया। कार्यक्रम में मंडलायुक्त डॉ. राघव लंगर, डीसी अंशुल गर्ग, एडीजीपी मुकेश सिंह, नगर निगम की डिप्टी मेयर पूर्णिमा शर्मा, सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
--------
हॉफ मैराथन कर युवाओं ने
दिया देशभक्ति का संदेश
वरुण ने जीता प्रथम पुरस्कार, अमन रहे उपविजेता
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत जम्मू-कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल ने हाफ मैराथन का आयोजन किया। केके हक्कू स्टेडियम से सुबह आठ बजे शुरू हुई दौड़ विभिन्न स्थानों से गुजरी। प्रतिभागी युवाओं ने दौड़ लगाकर देशभक्ति और एकात्मता का संदेश दिया। मैराथन मेें वरुण लगोत्रा ने पहला, अमन शर्मा ने दूसरा और अंकुश ने तीसरा स्थान हासिल किया।
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर आयोजित स्पोट्स वीक के तहत यह आयोजन करवाया गया। पर्यटन निदेशक जम्मू विवेकानंद राय ने हॉफ मैराथन को झंडी दिखाकर रवाना किया। देशभक्ति की भावना के लिए युवाओं ने दौड़ लगाकर स्वस्थ भारत का भी नारा दिया। इस दौरान पर्यटन निदेशक ने युवाओं को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए कहा। कार्यक्रम में साई के उप-निदेशक अशोक शर्मा ने खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया। इस दौरान पौधरोपण और सफाई अभियान भी चलाया गया। हाफ मैराथन में एथलेटिक कोच शमस-उद्दीन, वुशू कोच अजयपाल गिल सहित अन्य कोच मौजूद रहे। स्पोर्ट्स काउंसिल ने भगवती नगर इंडोर स्टेडियम में जूडो और ग्रीन फील्ड पार्क में हॉकी प्रतियोगिता भी करवाई।
---
टैंग सू डो स्पर्धा में
सचिन ने जीता स्वर्ण
जम्मू। ऑल इंडिया इंटर क्लब टैंग सू डो चैंपियनशिप का आयोजन आईटीएफ टैंग सूडो फेडरेशन ऑफ इंडिया ने करवाया। इसमें जम्मू-कश्मीर से आठ लड़के और चार लड़कियों सहित कुल 12 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। किश्तवाड़ के सचिन कुमार ठाकुर ने स्वर्ण पदक, जबकि राजू कुमार ने रजत पदक जीता। ब्यूरो
--
आरडब्ल्यूसीसी ने छह विकेट से जीता मुकाबला
जम्मू। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत युवा सेवाएं एवं खेल विभाग ने क्रिकेट मैच का आयोजन किया। परेड मैदान में महिला क्रिकेट टीम आरडब्ल्यूसीसी और सुपर वारियर के बीच मुकाबला हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए आरडब्ल्यूसीसी ने 12 ओवर में तीन विकेट पर 79 रन बनाए, जिसमें सरला ने सबसे ज्यादा 23 रन की पारी खेली। मुकबाले में आरडब्ल्यूसीसी ने छह विकेट से मैच जीता। ब्यूरो