जम्मू यूनिवर्सिटी को अभी तक स्पोर्ट्स हास्टल का इंतजार है। दो साल पहले कैंपस में पांच मंजिला स्पोर्ट्स हास्टल के निर्माण के लिए प्रोजेक्ट तैयार किया गया था, जो लगभग बारह करोड़ 41 लाख रुपये से पूरा होना था।
प्रस्ताव को केंद्र सरकार के पास भी भिजवाया गया था, लेकिन अभी तक इसकी स्वीकृति नहीं मिल सकी है। इस संबंध में राज्य सरकार से भी यूनिवर्सिटी प्रशासन द्वारा बातचीत की गई।
जम्मू यूनिवर्सिटी के स्पोर्ट्स से जुड़े खिलाड़ियों का कहना है कि कैंपस में अबतक स्पोर्ट्स हास्टल का न होना निराशाजनक है। लिहाजा इस ओर यूनिवर्सिटी प्रशासन को जल्द से जल्द सकारात्मक कदम उठाना चाहिए।
वहीं, डायरेक्टर स्पोर्ट्स एंड हेड फीजिकल एजूकेशन प्रो. ध्यान सिंह भाऊ का कहना है कि वह स्वयं स्पोर्ट्स हास्टल प्रोजेक्ट के लिए नवंबर में दिल्ली जा रहे हैं। प्रोजेक्ट की मंजूरी व फंडिंग के बाद स्पोर्ट्स हास्टल बन सकेगा।