विश्वविद्यालय जम्मू में आज से खेलों के महाकुंभ अंतर कालेज स्पर्धाओं का आगाज होगा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की आधिकारिक छुट्टी के बावजूद शेड्यूल के तहत चेस प्रतियोगिता से अंतर कालेज स्पर्धाएं शुरू होंगी। इस बार स्नातक पहले वर्ष में सेमेस्टर स्तर पर परीक्षाएं होने के कारण एक ही दिन एक साथ कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
इनमें अधिकांश प्रतियोगिताएं विवि के मैदानों पर करवाई जा रही हैं शारीरिक शिक्षा विभाग के निदेशक प्रो. ध्यान सिंह भाऊ के अनुसार शेड्यूल के मुताबिक सभी प्रतियोगिताएं करवाने का लक्ष्य रखा गया है। सेमेस्टर परीक्षाओं से पहले स्पर्धाओं को मुकम्मल बनाया जाएगा।
विवि के कुलपति प्रो. एमपी सिंह ईशर सोमवार को अंतर कालेज स्पर्धाओं में प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाने पहुंचेंगे। इस बार कोई भी खेल स्पर्धा की किसी जिला स्तर के कालेज को मेजबानी नहीं दी गई है। इन स्पर्धाओं को मुकम्मल बनाने के लिए विवि, जम्मू-कश्मीर स्टेट स्पोर्ट्स काउंसिल, युवा सेवा एवं खेल विभाग और राज्य पुलिस के खेल ढांचे को प्रयोग में लाएगा।
पहले चरण में नवंबर माह में हो रही सेमेस्टर परीक्षाओं से पहले अक्तूबर में सभी प्रतियोगिताएं संपन्न की जाएंगी, जिसके बाद दिसंबर से फरवरी तक दूसरे चरण में खेल स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इस बार कालेजों में नवंबर और अप्रैल में दो चरण में सेमेस्टर परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं।
इस बार शेड्यूल में एक ही दिन में हो रही कई खेल स्पर्धाओं में इंडोर और आउटडोर दोनों शामिल होंगे। इस साल अंतर कालेज स्पर्धाओं में नए शामिल किए गए फेंसिंग और आर्चरी खेल भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। फेंसिंग में विश्वविद्यालय जम्मू कई बार ओवरआल चैंपियन रह चुका है।
विवि की टीम में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी शामिल है। जम्मू में वर्ष 2010 में हुई आल इंडिया विवि फेंसिंग चैंपियनशिप में मेजबान जम्मू विवि ओवरआल चैंपियन रहा था। इससे पूर्व वर्ष 2009 में चंडीगढ़ में हुई इस चैंपियनशिप में भी विवि जम्मू विजेता रहा।
इसके अलावा वर्ष 2011 में मदुरई (मद्रास) में हुई विवि स्तरीय फेंसिंग चैंपियनशिप में जम्मू विवि उपविजेता और वर्ष 2013 में पटियाला में हुई फेंसिंग चैंपियनशिप में जम्मू विवि ने तीसरा स्थान हासिल किया था।