परगवाल में स्पोर्ट्स मीट के दौरान विजेता टीम के साथ सेना के अधिकारी
परगवाल। चिनाब ब्रिगेड की परगवाल बटालियन की तरफ से गंधर्व आर्मी विद्यालय में आयोजित स्पोर्ट्स मीट के आखिर दिन सोमवार को वॉलीबाल और क्रिकेट का फाइनल मैच खेला गया। वॉलीबाल में परगवाल की टीम ने रोमांचक मुकाबले में एनएस पुरा को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। दूसरी तरफ क्रिकेट में गडखाल ने भलवाल मोलू की टीम को हराया।
डिप्टी कमांडर मुख्यालय 19 ब्रिगेड कर्नल नवीन शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। जिन्होंने विजेता टीमों को दस-दस हजार रुपये तथा ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। जबकि उपविजेता टीमों को पांच-पांच हजार रुपये तथा ट्राफी दी गई। इससे पहले रविवार से सेना ने आपरेशन सद्भावना के तहत स्पोर्ट मीट का आयोजन जारी था वॉलीबाल में क्षेत्र की सात टीमों ने हिस्सा लिया। क्रिकेट में भी सात टीमें शामिल हुईं। डिप्टी कमांडर ने कहा कि स्पोर्ट्स मीट का उद्देश्य क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवाओं की पहचान कर उनको खेल के प्रति प्रभावशाली बनाना रहा। अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए प्रेरित इस प्रतियोगिता को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। अच्छा खेल दिखाने और खेल भावना के साथ खेलने वाले युवाओं को बड़े आयोजनों में भेजने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने युवाओं को खेलों को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी। स्थानीय लोगों ने भी सेना के इस कदम की सराहना की।