पीडीपी विधायक एजाज मीर के घर से हथियारों के साथ फरार एसपीओ पाकिस्तान में बैठे आतंकियों के संपर्क में था। उसके साथियों से पूछताछ में लीड मिली है, जिसके आधार पर काम शुरू कर दिया गया है। यह खुलासा डीजीपी दिलबाग सिंह ने किया है।
बांदीपोरा में एक कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने बताया कि इस मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। इस बीच पुलिस की एक विशेष टीम ने विधायक के सरकारी आवास (जे-11) को सील कर दिया है। इससे पहले टीम ने घटनास्थल की छानबीन की और सुरक्षा कवच में तैनात बाकी के पीएसओ के फिंगर प्रिंट लिए।
पुलिस के एक आला अधिकारी ने बताया कि एमएलए के साथ तैनात सात अन्य पुलिसकर्मियों से पूछताछ की जा रही है। यह भी चर्चा थी कि एमएलए से भी पुलिस टीम ने पूछताछ की है, लेकिन पुलिस ने इससे इंकार किया है। पूछताछ में एनआईए की भी टीम के शामिल होने की खबर थी, लेकिन एनआईए के आईजी आलोक मित्तल ने अमर उजाला से फोन पर बात करते हुए बताया कि एनआईए की पूछताछ में कोई भूमिका नहीं है। गौरतलब है कि इस घटना को लेकर राजबाग पुलिस स्टेशन में मुकदमा दर्ज है।
श्रीनगर में बढ़ाई गई सुरक्षा
श्रीनगर के जवाहर नगर इलाके में हथियार लेकर फरार होने की घटना के बाद पूरे शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जगह-जगह नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाशी ली जा रही है। शनिवार को सभी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट रखा गया। श्रीनगर शहर के कई इलाकों में जम्मू कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ की ओर से संयुक्त नाके लगाए गए। श्रीनगर से बाहर निकलने वाले सभी एक्जिट प्वाइंट्स पर भी नाके लगाए गए हैं। बता दें कि फ रार एसपीओ को पुलिस ने धर दबोचने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान भी चलाए गए हैं।
क्या है मामला
दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले के वाचि से विधायक एजाज के श्रीनगर के जवाहर बाग स्थित सरकारी आवास से एसपीओ आदिल बशीर शेख सात एके-47 राइफल व एक पिस्टल लेकर शुक्रवार को फरार हो गया था। इस घटना के तुरंत बाद पुलिस द्वारा आस पास के इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया था। उसकी जानकारी देने वाले को 2 लाख के इनाम देने की घोषणा भी की थी। फरार एसपीओ जैनापोरा शोपियां का है, जो 11 मार्च 2017 में पुलिस में बतौर एसपीओ लगा था।