दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम जिले में पुलिस ने वीरवार को फरार पीएसओ को गिरफ्तार कर लिया है। वह पिछले दिनों अनंतनाग जिले के बिजबिहाड़ा से चार एके-47 लेकर फरार हो गया था।
बाद में वह आतंकी संगठन लश्कर में ए कैटगरी का आतंकी बन गया। एसडीपीओ कुलगाम खुर्शीद आलम ने बताया कि शकूर अहमद बिजबिहड़ा के एसडीपीओ और डीएसपी इरशाद अहमद का पीएसओ था।
यहीं से वह 16 जनवरी को अपने दो साथियों के साथ चार एके-47 राइफलें लेकर फरार हुआ था। उसे जिले के अव्हतू गांव से दबोचा गया है।
उसके पास से एक पिस्टल और दो ग्रेनेड बरामद किए गए हैं। पूछताछ में उसने बताया है कि उसे कुलगाम में तैनात सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
उन्होंने बताया कि सटीक सूचना के आधार पर 63 राष्ट्रीय रायफल्स और कुलगाम पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया था। आबादी होने की वजह से फोर्स ने संयम से काम लिया।
इस दौरान वह निकल भागने में सफल रहा, लेकिन पास ही सेब के बगीचे में उसे घेराबंदी कर धर दबोचा गया। शकूर अहमद शोपियां का रहने वाला है। पुलिस उसके दो साथियों को कुछ दिन पहले गिरफ्तार कर चुकी है।