कश्मीर मामले पर बातचीत के लिए केंद्र सरकार के प्रतिनिधि दिनेश्वर शर्मा आज से 6 दिनों के जम्मू-कश्मीर दौरे पर हैं।
कश्मीर मुद्दे पर केंद्र सरकार की ओर से नियुक्त वार्ताकार दिनेश्वर शर्मा का जम्मू-कश्मीर दौरा आज से शुरू होगा। पूर्व आईबी चीफ दिनेश्वर शर्मा केंद्र सरकार के विशेष प्रतिनिधि के रूप में अलगाववादियों से वार्ता करने के लिए श्रीनगर पहुंच चुके हैं। शर्मा श्रीनगर में चार दिन और जम्मू में दो दिन रुकेंगे। सरकारी अधिकारियों के मुताबिक दिनेश्वर शर्मा अपने एक सप्ताह के दौरे के दौरान छात्र नेताओं सहित कई अलगाववादी समूहों और व्यक्तियों से मिलेंगे।
वहीं दिनेश्वर शर्मा के दौरे को लेकर सीआरपीएफ के आईजी रवि दीप शाही ने कहा है कि, 'वार्ताकार के कश्मीर दौरे के दौरान आतंकी घटना बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि ग्रेनेड हमले में बढ़ोत्तरी हो सकती है।'
जिन मुद्दों पर वे बात करेंगे उनमें सुरक्षा बलों द्वार कथित उत्पीड़न, अपर्याप्त बिजली आपूर्ति और खराब स्वास्थ्य सुविधाओं जैसे नागरिक मुद्दे शामिल हो सकते हैं।
दिनेश्वर शर्मा 24 अक्टूबर को संघीय सरकार के प्रतिनिधि के रूप में नियुक्त किए गए थे, नियुक्ति के बाद राज्य में उनका पहला दौरा है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 'वार्ता के मुद्दों में बिजली-संबंधी समस्या या किसी क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं की कमी हो सकती है। निर्वाचित प्रतिनिधियों, संगठनों और संबंधित नागरिकों के साथ वार्ता शुरू करना और उनकी शिकायतों को सुनना इस पहल का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।'
बता दें कि अलगाववादियों, टूर आपरेटरों, कारोबारियों सहित कई संगठनों ने बातचीत में शामिल होने से इनकार किया है। नेकां प्रमुख डा. फारूक अब्दुल्ला तथा कांग्रेस के नेता तारिक हमीद कर्रा ने कहा है कि वार्ताकार से बहुत अधिक उम्मीद नहीं है। यह अंतरराष्ट्रीय समुदाय को भ्रम में डालने की कोशिश है। अपने दौरे के दौरान दिनेश्वर युवाओं सहित विभिन्न राजनीतिक दलों तथा संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर घाटी में शांति तथा खुशहादली बहाली और कश्मीर मुद्दे के समाधान की कोशिशें करेंगे।