जम्मू। उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि शिक्षण संस्थानों को खोलने के लिए छात्रों का प्राथमिकता स्तर पर टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए 18 से अधिक आयु वर्ग के विद्यार्थियों के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। उपराज्यपाल ने श्रीनगर में कहा कि प्रदेश में अधिकांश शिक्षकों का पहले ही टीकाकरण किया जा चुका है। इसके बाद 18 से अधिक आयु वर्ग के विद्यार्थियों को कवर किया जा रहा है।
शनिवार को उपराज्यपाल ने कोरोना परिदृश्य की समीक्षा करते हुए टीकाकरण अभियान में और तेजी लाने के साथ सख्त कोविड संक्रमण रोकथाम उपायों को लागू करने को कहा। उन्होंने आयुक्तों और एसएसपी से तीसरी लहर के खतरे को कम करने के लिए एसओपी का सख्ती से पालन करवाने को कहा। इसके अलावा जिला प्रशासन से सरकारी अस्पतालों में क्रिटिकल केयर उपकरणों का उपयोग सुनिश्चित बनाने के साथ ऐसी संपत्तियों के प्रयोग की रिपोर्ट 15 दिन के भीतर जमा करवाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कश्मीर के कई जिलों में संक्रमण का प्रसार बढ़ने पर उसकी रोकथाम के लिए उचित उपाय करने को कहा।
उपराज्यपाल ने कोरोना टास्क फोर्स की बैठक में जिला उपायुक्तों और एसएसपी को कई दिशा निर्देश जारी किए। इसके लिए संबंधित एजेंसियां सक्रियता बढ़ाएं। हमें कोविड के प्रति अपनी सतर्कता को कम नहीं करना चाहिए। सरकार संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए स्वास्थ्य और सामाजिक स्तर पर उपाय किए जा रहे हैं। लेकिन लोगों को भी सुरक्षात्मक व्यवहार को अपनाने की जरूरत है। जनता कोविड टीकाकरण के साथ जरूरी दिशा निर्देशों का गंभीरता से पालन करे। उन्होंने अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा विभाग विवेक भारद्वाज को स्वास्थ्य विभाग और जिला अस्पतालों के कामकाज की व्यापक समीक्षा करने को कहा। उन्होंने जिला सांबा की तरह अन्य जिलों में जल्द 100 फीसदी टीकाकरण के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने को कहा गया।