दिवाली के बाद काम पर लौटने व छठ पूजा के लिए जाने वालों की भीड़ ट्रेनों में देखी जा सकती है। इसके चलते रेलवे ने दो और स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है। ये ट्रेनें जम्मू व अमृतसर से बिहार के लिए चलेंगी। मुरादाबाद व बरेली स्टेशनों पर भी इनका ठहराव होगा।
सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह ने बताया कि (04640-39) श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-कटिहार-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा स्पेशल एक्सप्रेस 15 नवंबर को कटड़ा से रात 9:30 बजे चलेगी।
ट्रेन कटड़ा से चलकर शहीद कैप्टन तुषार महाजन से होते हुए जम्मू तवी, पठानकोट कैंट, जालंधर कैंट, लुधियाना, अंबाला कैंट, यमुनानगर जगाधरी, सहारनपुर से होते हुए सुबह 11:10 बजे मुरादाबाद, दोपहर 12:47 बजे बरेली पहुंचेगी।
इसके बाद सीतापुर, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, छपरा, हाजीपुर, बरौनी, बेगू सराय, खगड़िया, नौगछिया के रास्ते 17 नवंबर को सुबह 9 बजे कटिहार पहुंचेगी। वहां से सुबह 11 बजे कटड़ा के लिए रवाना होगी। अगले दिन सुबह 7:05 बजे बरेली व 8:55 बजे मुरादाबाद में रुकेगी। इसके बाद रात 11 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा पहुंचेगी।
अमृतसर से दरभंगा के लिए भी विशेष ट्रेन
दूसरी ट्रेन (04650-49) अमृतसर-दरभंगा-अमृतसर स्पेशल एक्सप्रेस 16 नवंबर को सुबह 8:10 बजे अमृतसर से चलेगी। व्यास, जालंधर सिटी, लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर होते हुए शाम 5:50 बजे मुरादाबाद व 7:35 बजे बरेली में रुकेगी। इसके बाद लखनऊ, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, पनियाहावा, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी के रास्ते 17 नवंबर को दोपहर 1:15 बजे दरभंगा पहुंचेगी। वापसी में वहां से शाम 5 बजे चलेगी। अगले दिन दोपहर 12:30 बजे बरेली व 2:15 बजे मुरादाबाद रुकेगी। इसके बाद देर रात 1:30 बजे अमृतसर पहुंचेगी।