रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने संकेत दिया है कि कश्मीर घाटी में आने वाले पर्यटकों के लिए विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। इस ट्रेन की खासियत यह होगी कि पर्यटकों को ‘धरती की जन्नत’ से रूबरू करवाने के साथ यहां की परंपराओं और संस्कृति से जोड़ा जाएगा।
इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (आईआरसीटीसी) के सहयोग से सैलानियों को कश्मीरी वाजवान का लुत्फ उठाने का मौका मिलेगा।
मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के साथ विशेष भेंट के दौरान रेल मंत्री ने कहा कि रियासत की कलाकृतियों को प्रोत्साहन देने के लिए ‘स्टेशन विकास कार्यक्रम’ के तहत रेलवे स्टेशनों पर कश्मीर के उत्पादों के लिए विशेष स्टाल रखे जाएंगे।
कटड़ा-बनिहाल रेल लाइन को जल्द से जल्द पूरा करने का दबाव बनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे हर मौसम में कश्मीर घाटी को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कटड़ा-बनिहाल रेल लिंक के काम में तेजी लाने के लिए संस्थागत ग्रिड बनाने को कहा, जो निर्माण के तमाम मुद्दों को देखे। उच्च स्तरीय कमेटी में रेल मंत्रालय और राज्य सरकार का एक-एक नोडल अफसर रखा जाए।
दोनों अफसर समय-समय पर निर्माण कार्य की समीक्षा के लिए आपस में मिलें।
शुरू किए जाएंगे चार PRSC
बैठक में उपस्थित रेलवे बोर्ड के चेयरमैन ने बताया कि 111 किलोमीटर लंबे कटड़ा-बनिहाल रेल लिंक के 85 किलोमीटर का काम पूरा हो चुका है। इनमें दुर्गम क्षेत्रों में टनल और 8-10 किलोमीटर के पुल शामिल हैं।
पर्यटकों की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री ने गुलमर्ग, पहलगाम, सोनमर्ग और पत्नीटाप में नए पैसेंजर्स रिजर्वेशन सर्विस सेंटर आरंभ करने का भी सुझाव दिया।
उन्होंने कटड़ा और श्रीनगर के बीच वैकल्पिक सड़क मार्ग के लिए रेलवे द्वारा विकसित किए जाने वाले 200 किलोमीटर सड़क का मुद्दा भी उठाया।
इस पर रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने संकेत दिया कि उपयोगिता योजना के लिए रेलवे और सड़क परिवहन मंत्रालय के बीच जल्द बैठक होगी।
मुफ्ती ने बनिहाल-काजीगुंड रेलवे टनल में किसी भी आपदा से निपटने के लिए दक्षिण और उत्तर में एसडीआरएफ के लिए आवास निर्माण का मुद्दा भी रखा।
इसके अलावा जिन लोगों की जमीनें रेल ट्रैक बिछाने के लिए अधिग्रहण की गई, उनमें से कुछ के पैंडिंग मामलों को भी प्राथमिकता के आधार पर हल करने को कहा, ताकि उनकी जीविका को लेकर पैदा हुई समस्या हल हो सके।
स्थानीय युवकों को ही मिलेगी नौकरी
रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद को आश्वासन दिया कि जम्मू-कश्मीर रेल प्रोजेक्ट में सिर्फ स्थानीय युवाओं को ही नौकरी दी जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि रेलवे भर्ती बोर्ड की ओर से होने वाली भर्ती पारदर्शिता के साथ होगी, ताकि स्थानीय लोगों को रोजगार मिल सके।
जमीन लेने वालों को नौकरी दे सरकार
घाटी में चार नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाए जाने के मौके पर मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने कई बिंदुओं की ओर रेल मंत्री का ध्यान आकृष्ट किया।
उन्होंने कहा कि रेलवे द्वारा जिनकी जमीनें ली गई हैं उन्हें नौकरी का आश्वासन दिया गया था, लेकिन जो मामले बकाया हैं उन्हें जल्द पूरा किया जाए। राज्य के लोगों को रोजगार कम मिलने पर उन्होंने कहा कि रेलवे में राज्य के लोगों को भी मौका दिया जाना चाहिए।