उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के सोपोर के वडूरा पायीन में करीब 10 घंटे तक चले तलाशी अभियान के बाद मंगलवार शाम हुई मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया। फिलहाल उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर आपरेशन चलाया गया था।
मंगलवार सुबह करीब आठ बजे सेना की 22 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर), सीआरपीएफ और एसओजी की ओर से तलाशी अभियान शुरू किया गया था। हिंसा की आशंका में इलाके में मोबाइल इंटरनेट सेवा ठप कर दी गई। बुधवार को सोपोर में सभी सरकारी व निजी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।
उधर दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले में मंगलवार को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में अंसार गज्वातुल हिंद (एजीएच) के दो आतंकियों को मार गिराया। मारे गए आतंकियों से हथियार और गोला बारूद बरामद किया गया है।
जिले के अवनीरा गांव में सोमवार देर रात को एक सूचना के आधार पर सेना की एक राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर), सीआरपीएफ और एसओजी के जवानों द्वारा इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान अंधेरे का फायदा उठाते हुए आतंकियों ने जवानों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर मौके से फरार होने की कोशिश की, लेकिन सतर्क जवानों की जवाबी कार्रवाई से मुठभेड़ शुरू हो गई।
रात भर चली मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को मंगलवार तड़के दो आतंकियों को मार गिराने में सफलता हाथ लगी। पुलिस ने बताया कि मारे गए आतंकी एजीएच से संबंधित थे और उनके खिलाफ कई मामले दर्ज थे। आतंकियों की शिनाख्त मांचोवा कुलगाम के सयार अहमद भट और अवनीरा शोपियां के शाकिर अहमद वागे के तौर पर हुई है।
शाकिर जैनापोरा शोपियां में इरफान हमीद शेख नामक एक स्थानीय की हत्या में शामिल था। इसके अलावा भी कई आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के पीछे इन आतंकियों का हाथ रह चुका था। मारे गए आतंकियों से हथियार-गोला बारूद के अलावा कई अन्य सामग्री भी बरामद हुई जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस ने लोगों से मुठभेड़ स्थल से दूर रहने को कहा है।