जम्मू-कश्मीर में ऑल सीजन अधिकांश सड़कों के सुचारु संपर्क के लिए उचित प्रयास किए जा रहे हैं। इस कड़ी में आगामी ठंड के मौसम में सोनमर्ग राजमार्ग का संपर्क सुचारु बनाया जाएगा। भारी बर्फबारी के दौरान प्रभावित सड़कों पर बर्फ हटाने के लिए अत्याधुनिक स्नो कटर मशीनें लगाई जाएंगी।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय राजमार्ग और बुनियादी ढांचा विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) द्वारा निष्पादित परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
एलजी ने जम्मू संभाग में जम्मू-अखनूर फोनलेन सड़क, चिनैनी-सुद्धमहादेव सड़क सेक्शन, सुद्धमहादेव-गोहा टनल और कश्मीर में जी-मोड़ टनल, जोजिला टनल, बारामुला-टंगमार्ग-गुलमर्ग सड़क आदि की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को बड़े सड़क प्रोजेक्टों के कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग आपस में समन्वय मजबूत बनाकर परियोजनाओं में आ रही रुकावटों को प्राथमिकता पर दूर करें।
जम्मू-अखनूर फोरलेन का 70 फीसदी काम पूरा
जम्मू-अखनूर फोरलेन सड़क के बारे में बताया गया कि कनाल हेड से गणेश बिहार पैच तक 70 फीसदी काम पूरा कर लिया गया है और इसमें 4.6 किमी फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है। उपराज्यपाल ने अधिकारियों को निर्धारित समय में सड़क परियोजनाओं को पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य सचिव डॉ. अरुण कुमार मेहता आदि मौजूद रहे।