मौत के कारणों की जांच कर रही गांधीनगर पुलिस के अनुसार संदीप दो मंजिला मकान में सबसे ऊपरी कमरे में अकेले रहता था। उसके पिता नंद किशोर शर्मा और भाई पहली मंजिल पर रहते हैं। दोनों अपने-अपने काम में व्यस्त रहते थे। इसी कारण कई दिनों तक आपस में मुलाकात तक नहीं होती थी।
परिवार को यह भी पता नहीं था कि संदीप कई दिनों से कमरे से बाहर नहीं निकला है। शनिवार को जब कमरे से तेज बदबू आने लगी तो पिता ऊपरी मंजिल में बने कमरे में देखने पहुंचे। कमरे का दरवाजा खोलते ही उनके होश उड़ गए। संदीप बेड पर मृत पड़ा था और शव गल-सड़ चुका था। सूचना मिलते ही मोहल्ले के लोग भी मौके पर पहुंच गए और गांधीनगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। रात करीब 12 बजे पुलिस मौके पर पहुंची।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी जम्मू भेज दिया गया। गांधीनगर थाने के एसएचओ जयपाल शर्मा ने कहा कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू की है। पुलिस परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।
घगवाल के नोनाथ में युवक का शव मिला
घगवाल थाना क्षेत्र के नोनाथ स्थित शिवम रिजॉर्ट के पास रविवार एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 35-36 वर्षीय गोपाल शर्मा पुत्र राम लाल निवासी नोनाथ, तहसील घगवाल के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही घगवाल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।