कैंपस से निकल कर जम्मू पहुंचे छात्र
- फोटो : Amar Ujala
सीआरपीएफ वाहन से किसी तरह कैंपस से बाहर निकल जम्मू पहुंचने वाले एनआईटी के एक छात्र ने बताया कि पिछले चार दिनों से कैंपस में लगातार तनाव का माहौल है। छात्र के अनुसार वह अपने एक दोस्त के साथ एक सीआरपीएफ वाहन में बैठकर किसी तरह कैंपस से बाहर निकला। छात्र ने कहा कि एनआईटी के कुछ फैकल्टी मैंबर ही भारत विरोधी नारेबाजी कर रहे थे। वह सरेआम धमकियां देते रहे।
इतना ही नहीं, पुलिस उनका साथ दे रही थी। पुलिस हमें गालियां देती रही। उनका कहना था कि जिन बाहरी छात्रों ने विवाद खड़ा किया है, उन्हें पास नहीं होने दिया जाएगा। छात्र के अनुसार वह बाहर निकलने के बाद भी लगातार साथी छात्रों के साथ संपर्क में रहे। अंदर फंसे छात्र कह रहे थे कि किसी तरह बात लोगों तक पहुंचाओ। ताकि वह सुरक्षित निकल सकें। सौ से ज्यादा छात्र जख्मी हैं।
चार की हालत गंभीर है। पुलिस ने हास्टल में घुसकर छात्रों को बुरी तरह पीटा। जो भी बाहरी छात्र सामने आ रहा था उसे पीटा जा रहा था। एक-एक छात्र को चार-चार पुलिस वाले पीट रहे थे। एक दिन पहले हुई पथराव की घटना पर छात्र ने कहा कि कैंपस परिसर के अंदर ही कैंटीन की ओर से छात्रों पर पथराव किया गया, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने कुछ नहीं किया।
कई छात्रोें के फोन तक छीन लिए गए, ताकि वह बाहर कोई मैसेज न भेज सकें। कुछ छात्रों ने बुद्धिमानी दिखाते हुए सोशल मीडिया का सहारा न लिया होता तो अंदर उनके साथ क्या होता, किसी को पता तक नहीं चलता। जब छात्रों पर हमला किया गया, तो कुछ छात्रों ने हिम्मत से काम लेते हुए मोबाइल क्लिपिंग बना ली। इसकी भनक पुलिस वालों को नहीं लगी। अन्यथा उनके साथ भी बुरा बर्ताव होता।