सीमावर्ती जिले राजोरी के नौशेरा इलाके में बुधवार को दुर्घटनावश ग्रेनेड फटने से सेना का एक नायक जख्मी हो गया। उसे उपचार के लिए सैन्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
सेना की 23 आरआर बटालियन की एक टुकड़ी नौशेरा क्षेत्र के अंतर्गत पड़ने वाली सेना की फायरिंग रेंज कनारा में अभ्यास के लिए पहुंची थी।
सुबह साढ़े नौ बजे के करीब वाहन से विस्फोटक सामग्री उतारते समय एक ग्रेनेड की पिन निकल गई। नायक आरबी रावत ने तुरंत ग्रेनेड को दूर फेंकने का प्रयास किया, लेकिन वह फट गया।
इस हादसे में वह घायल हो गए। उन्हें सेना के हेलीकाप्टर से राजोरी स्थित सेना के अस्पताल ले जाया गया। जहां उनका इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।