आरएस पुरा। पुंछ जिले की तहसील सुरनकोट के गांव फैजलाबाद में 30 मई 1997 में आतंकियों से लोहा लेते हुए शहीद पुलिस के सब इंस्पेक्टर दलजीत सिंह अजरोट की शहादत के 28 वर्ष पूरे होने पर उन्हें याद किया गया।
इस अवसर पर शुक्रवार को कस्बे के दलजीत सिहं चौक में स्थित स्मारक पर शहीद दलजीत सिंह मेमोरियल कमेटी की ओर से श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य रूप से शामिल होकर एसपी हेड क्वार्टर इरशाद हुसैन, थाना प्रभारी रवि सिंह परिहार, जवाहर सिंह, शहीद मेमोरियल कमेटी के सदस्यों सहित स्थानीय लोगों ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। शहीद दलजीत सिंह 28 साल पहले आतंकियों से लोहा लेते हुए बलिदान हुए थे। शुक्रवार को शहीद स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम में बलिदानी को श्रद्धांजलि देते हुए विभिन्न वक्ताओं ने कहा कि बलिदानियों की याद को बनाए रखना हमारा दायित्व है। कहा कि बलिदानी दजलीत सिंह जैसे वीर समाज व देश के लिए प्ररेणास्रोत हैं। एसपी हेड क्वार्टर इरशाद हुसैन राथर ने कहा कि बलिदानियों की शहादत के बदौलत हम लोग आज अपने घरों में सुरक्षित बैठे हुए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य पुलिस क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ आतंकवाद को भी मुंहतोड़ जवाब दे रही है।