- हर घर को मदद पहुंचाने में जुट गईं सिविल सोसायटी, ट्रेडर्स फेडरेशन, अनाम संगठन
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। अपने लिए जिए तो क्या जिए...तू जी ऐ दिल जमाने के लिए..., जम्मू की सिविल सोसायटी और ट्रेडर्स फेडरेशन, छोटे-छोटे संगठन इस वक्त जिंदगी के इसी फलसफे को पूरी तरह से अपनाकर उतर चुके हैं मदद के मैदान में। आपदा के इस मुश्किल वक्त में अपना सबकुछ गंवा चुके लोगों की मदद के लिए हाथ से हाथ जुड़ रहे हैं। जिसका जितना सामर्थ्य है, उससे कहीं ज्यादा लोग जरूरतमंदों तक जरूरी सामान, खाना पहुंचा रहे हैं।
खाने की किट, 5000 लोगों के लिए बन रहा खाना
वेयर हाउस ट्रेडर्स फेडरेशन नेहरू मार्केट की टीम दीपक गुप्ता के नेतृत्व में हर दिन सुबह से ही छन्नी स्थित मंदिर में जुट जाती है। कहीं खाना बन रहा है, कहीं खाने की किटें बनाई जा रही हैं। दीपक गुप्ता बताते हैं कि हर दिन पांच हजार लोगों को खाने की सप्लाई यहां से हो रही है। जिला प्रशासन जहां हमें खाना भिजवाने को कहता है, हमारी टीम वहां लेकर जाती है। नरवाल, रिंग रोड जहां-जहां ट्रक खड़े हैं, वहां हम पानी-खाना भिजवा रहे हैं। हमें सूचना मिली थी कि रास्ता बंद होने से ट्रक खड़े हो गए थे, वहां लोग श्मसान का पानी पीने को मजबूर थे। टीम ने वहां पहुंचकर उनकी मदद करने की कोशिश की।
-
हर गली-मोहल्ले में नई आशाएं लेकर पहुंच रहे
दोपहर होते ही होप ट्रस्ट के सदस्य पंकज गंडोत्रा, अश्विनी, रोहित, वैभव, साहिल, रविंद्र ने राहत सामग्री उठाई और पहुंच गए नरवाल। फार्मास्युटिकल बिजनेस से जुड़े पंकज बताते हैं कि हम जिला प्रशासन के माध्यम से सूखे राशन की किट लोगों तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। कहते हैं कि इस मौके पर यदि घर से नहीं निकलेंगे तो कब निकलेंगे। यही तो वक्त है समाज के लिए कुछ करने का।
-
जैसी जरूरत...हर कहीं हम तैयार हैं
लोगों के कपड़े, सामान सबकुछ तबाह हो गया है। उनकी जरूरतें खाना तो है ही, इसके अलावा और भी चीजों की जरूरत है। फिलहाल जिला प्रशासन से बात करके बेड शीट्स, ओढ़ने वाली चादरें आदि का प्रबंध किया गया है। यह कहना है साक्षी गुप्ता का। वे सारा सामान लेकर डीसी ऑफिस पहुंची थीं। बताती हैं कि अम्युकेयर चैरिटेबल ट्रस्ट यूं तो देश भर में काम कर रही है, पर जम्मू-कश्मीर में इतनी बड़ी आपदा पहली बार देखी है। बीते दिनों हमें उधमपुर में काम किया। वहां पर एक गांव को गोद लिया था। जिला प्रशासन जम्मू से हमने पूछा था कि हम कुछ करना चाहते हैं। उनकी सलाह पर हमने मदद अभियान चलाया।
-
सेवा भारती के कार्यकर्ताओं ने भी उठाया बीड़ा
सेवा भारती भी प्रभावित इलाकों तक रोस्टर और जरूरत के मुताबिक राहत पहुंचा रही है। सह संगठन मंत्री विकर्ण महाजन कहते हैं कि जिला प्रशासन का सहयोग सामग्री वितरण में बहुत मददगार होता है। हम लोग ज्यादा से ज्यादा प्रभावित इलाकों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। लंगर सेवा चल रही है। पानी के टैंकर तक की सप्लाई की जा रही है।
मैंने सिर्फ एक लाइन लिखी...खुद आगे आ गए मददगार
मैंने ग्रुप में महज एक लाइन लिखी थी। उसमें लिखा कि मदद के लिए आगे आइए। मुझे खुद भी यकीन नहीं हुआ कि लोग इस तरह से आगे आएं। हर घर से हर को मदद पहुंचाने की सोच साकार होते देख रही हूं।
अनसुईया जामवाल, एडीसी