त्रिकुटा पर्वत की चोटियों पर हुई बर्फबारी। संवाद
- फोटो : katra
बारिश के साथ भैरो घाटी, सांझी छत्त के मार्ग सहित ऊपरी पहाड़ियों पर बर्फबारी
कटड़ा। धर्मनगरी सहित भवन में देर रात शुरू हुई बारिश के साथ भैरो घाटी, सांझी छत्त के मार्ग सहित ऊपरी पहाड़ियों पर बर्फबारी हुई। इससे मां के दर्शनों को आए श्रद्धालुओं को रात के समय दिक्कतें हुई। वहीं हेलिकॉप्टर सेवा दिनभर बंद रही, जबकि अर्धकुंवारी से भवन तक बैटरी कार सेवा जारी रही।
बुधवार देर रात हुई बारिश के साथ भवन सहित भैरो घाटी व सांझी छत्त के ऊपरी पहाड़ों पर दो इंच बर्फबारी हुई है। अगर रात भर बारिश रहती है तो और ज्यादा बर्फबारी की उम्मीद जताई जा रही हैं। बर्फबारी के कारण श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखने को मिला।
दिल्ली से आए श्रद्धालुओं रोहित यादव, रमेश कुमार, सोनी यादव और प्रीति ने बताया कि हर साल माता के दर्शन करने के लिए आते हैं और दूसरी बार बर्फबारी देखने को मिली। करीब से बर्फबारी देखने में खुशी हो रही है।
जानकारी के अनुसार बारिश व बर्फबारी से तापमान में काफी गिरावट आई है। रात और दिन के समय भवन में हुई बर्फबारी के बाद देश के कोने-कोने से दर्शनों को आए यात्री भारी ठंड के कारण अपने घरों में ही दुबके रहे और शाम के समय कंबल स्टोर के बाहर कंबल लेने के लिए दिखे। वहीं, वीरवार सुबह से ही बारिश जारी रही, जिस कारण भवन जा रहे भक्तों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दिनभर श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते हुए भवन की ओर प्रस्थान करते रहे। मगर बारिश के कारण ठंड में बढ़ोतरी हुई है। श्रद्धालुओं के लिए प्राकृतिक मार्ग में बने शेड भक्तों के लिए राहत भरे रहे। दिनभर ठंडी हवाओं सहित बारिश होने के बाद हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित रही और अर्धकुंवारी से भवन के लिए बैटरी कार सेवा बहाल रही। संवाद