रियासत में दो दिनों बाद शुक्रवार को हड्डी गलानेवाली ठंड लौट आई है। कश्मीर घाटी में तापमान गिरने से जहां संभाग के हर क्षेत्र में पारा माइनस में रिकार्ड किया गया। वहीं, जम्मू संभाग में भी रात में काफी सर्दी बढ़ गई है। वहीं, यहां के सामान्य तापमान से मौजूदा दर्ज तापमान कम रिकार्ड किया गया।
जबकि, भद्रवाह की कैलाश पर्वतीय चोटियों पर हल्का हिमपात होने की सूचना है जबकि कारगिल व लेह में जहां बर्फीली हवाओं का दौर है तथा पत्नीटाप व इसके साथ लगते इलाकों में जबरदस्त शीतलहर जारी है।मौसम विभाग, श्रीनगर के मुताबिक श्रीनगर का न्यूनतम तापमान माइनस 2.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जबकि रात का सामान्य तापमान माइनस 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
वहीं श्रीनगर का अधिकतम तापमान 11.4 दर्ज किया गया। जबकि काजीकुंड का न्यूनतम तापमान माइनस 3.8, पहलगाम का न्यूनतम तापमान माइनस 5.6, गुलमर्ग का न्यूनतम तापमान माइनस 6.2, लेह का न्यूनतम तापमान माइनस 10.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
वहीं, कारगिल का न्यूनतम तापमान माइनस 11.0 व अधिकतम माइनस 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू का अधिकतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस जबकि सामान्य 18 डिग्री होना चाहिए था। वहीं, न्यूनतम 6.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि जम्मू का सामान्य न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले हुई बर्फबारी व बारिश के बाद तापमान में फिर से गिरावट दर्ज हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी चौबीस घंटे में राज्य का मौसम खुष्क रहेगा तथा शीतलहर का प्रकोप बना रहेगा।