बर्फीली पहाड़ियों के बीच स्थित खूबसूरत विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम में दो दिनों तक चलने वाला स्नो कार्निवल शनिवार को आयोजित किया गया। बर्फ पर खेले जाने वाले खेलों के अलावा पर्यटकों को लुभाने के लिए संगीत के साथ-साथ कई कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
इस मौके पर पहलगाम से नेकां के विधायक अल्ताफ कल्लू और डूरु से पीडीपी विधायक फारूक अंद्राबी मुख्य अतिथि थे। श्रीनगर से 95 किलोमीटर दूर कश्मीर के खूबसूरत पर्यटन स्थल पहलगाम को स्नो कार्निवल के मौके पर इस तरीके से सजाया गया था कि वह एक अलग ही रंग में रंगा दिख रहा था।
पर्यटकों को पहलगाम की ओर आकर्षित करने के लिए पर्यटन विभाग ने एक नई पहल की है। इसी के चलते विभाग द्वारा स्नो कार्निवाल आयोजित किया गया। करीब दो से तीन फीट बर्फ के बावजूद देशी विदेशी पर्यटकों के अलावा काफी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
इस कार्निवाल के दौरान स्नो रग्बी, स्कीइंग, स्नो साइकिलिंग के अलावा कश्मीरी संस्कृति को दर्शाने वाले संगीत व कार्यक्त्रस्मों का भी आयोजन किया गया था। पर्यटन विभाग के अधिकारियों के अनुसार पहलगाम में आयोजित इस स्नो कार्निवल से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
इस मौके पर नेकां विधायक अल्ताफ कल्लू ने कहा कि वह सरकार से अपील करेंगे कि पहलगाम में 12 महीने पर्यटन को एक्टिव रखा जाना चाहिए। यह केवल छह महीने ही रहता है। यहां के लोगों की अर्थ व्यवस्था पर्यटन पर ही निर्भर करती है। गौरतलब है कि पहलगाम में आयोजित इस स्नो कार्निवल के पीछे मुख्य उद्देश्य है ज्यादा से ज्यादा पर्यटकों को कश्मीर की ओर आकर्षित करना।