चिनैनी। मौसम का मिजाज लगातार बिगड़ा हुआ है। इससे पर्वतीय श्रृंखला बर्फ की मोटी चादर से लिपट चुकी है। मैदानी इलाकों में लगातार बारिश हो रही है, इस कारण तापमान भी लुढ़क गया है। लोगों द्वारा ठंड से बचने के लिए अलाव का इस्तेमाल किया जा रहा है। जिस तरह से ठंड में इजाफा हो गया है और ठिठुरन बढ़ गई है उससे चिनैनी में भी बर्फबारी की उम्मीद बन गई है।
जम्मू संभाग के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पटनीटॉप में लगातार बर्फ जारी है, जिससे पटनीटॉप की वादी बर्फ की चादर में लिपट गई है, जबकि पटनीटॉप के देवदार के वृक्ष भी बर्फ के कारण सफेद चादर में लिपट गए। यहां का नजारा काफी आकर्षित करने वाला है। देश के कई हिस्सों के सैलानी जो बर्फ देखने की चाह लिए पटनीटॉप पहुंचे उनकी मुराद कुदरत ने पूरी कर दी और लगातार बर्फबारी से सैलानी भी खुश नजर आए जबकि नत्थाटॉप में भी बर्फ गिरने का दौर जारी रहा और वहां पर भी बर्फ की मोटी चादर के साथ-साथ धुंध का असर भी बना है। इसके अलावा पर्वत श्रृंखला पर भी बर्फ का गिरना जारी है। इससे क्षेत्र में ठिठुरन काफी बढ़ गई और लोगों द्वारा दिनभर आग जलाकर ठंड से बचने का प्रयास किया गया।
वहीं ठंड के चलते बाजारों में ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों की संख्या में भी कमी देखी गई तथा दुकानदारों द्वारा भी जल्दी दुकानें बंद कर घरों की ओर रुख कर लिया गया, जिस तरह से लगातार बारिश व बर्फबारी जारी रही। उससे कस्बे में भी रात के समय ताजा हिमपात होने की उम्मीद बन गई लोगों द्वारा ठंड से बचने के लिए अतिरिक्त गर्म कपड़े लगाए गए थे और साथ ही साथ दुकानों में भी कंबल ओढ़ कर कुछ दुकानदारों को देखा गया।
---------
बर्फ के फाहे पकड़ने का कर रहे प्रयास
जम्मू संभाग के विकसित पर्यटन स्थल पटनीटॉप में पहुंचे सैलानी जो बर्फ की चाह लिए पटनीटॉप पहुंचे उनकी मुराद कुदरत ने पूरी तो की, लेकिन सैलानी बर्फ की फाहे से इतने आकर्षित हुए कि बर्फ के गिरते फाहे को पकड़ने का प्रयास करने लगे, लेकिन जैसे ही वह उसे पकड़ते वह पिघल जाता। सैलानी कह रहे थे कि हाथ में पकड़ने पर यह तुरंत निकल रहा है, लेकिन इतनी ज्यादा बर्फ कैसे जम रही है यह भी एक कुदरत की शक्ति है। उन्होंने कहा कि जब वह जम्मू-कश्मीर में प्रवेश कर गए थे तो इसी चाह को लेकर पटनीटॉप पहुंचे कि उन्हें ताजा हिमपात देखने का मौका मिले। उन्होंने यादगार चित्र भी खिंचवाई और बर्फ के साथ खूब अठखेलियां भी की।