ज्यौड़ियां। खौड़ उपजिले के गांव चकमलाल में तड़के एक किशोर की सांप के डसने से मौत हो गई। उसके बाद उसके परिवार वालों ने ज्यौड़ियां कम्यूनिसिटी हेल्थ सेंटर के डॉक्टर के खिलाफ जमकर बवाल किया। इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए पलांवाला-जम्मू मार्ग पर जाम लगा दिया। एसडीएम अखनूर गोपाल सिंह ने गुस्साए लोगों को उचित कार्रवाई का भरोसा देकर किसी तरह मामले को शांत किया।
हुआ यूं कि मुकेश कुमार पुत्र स्वर्गीय चैन लाल को बुधवार की रात सोते समय सांप ने डस लिया। हालांकि उसे उस समय यह पता नहीं चला कि सांप ने डंसा है। परिवार वाले उसे लेकर ज्यौड़ियां कम्यूनिटी हेल्थ सेंटर पहुंचे। वहां तैनात डॉ. संजय गुप्ता ने मुकेश का ट्रीटमेंट करते हुए खून की जांच की और कहा कि सब नार्मल है। इसको किसी तमूड़ी या डिमु कीड़े ने काटा है। खतरे की कोई बात नही। परिवार वाले मुकेश को लेकर लौट आए।
तड़के चार बजे के करीब किशोर ने मां को बताया कि उसे सांस लेने में तकलीफ हो रही है। थोड़ी ही देर बाद उसके मुंह से सफेद पानी निकलने लगा तो घर में अफरातफरी मच गई। उसे लेकर फिर सीएचसी पहुंचे। डॉ. संजय गुप्ता ने उसकी हालत को बिगड़ता देख एक इंजेक्शन लगाया और उसे अखनूर उपजिला अस्पताल रेफर कर दिया।
परिवार वालों के मुताबिक अखनूर पहुंचने से पहले ही मुकेश ने रास्ते में दम तोड़ दिया। उसके बाद मृतक के रिश्तेदारों का गुस्सा फूट पड़ा। सभी ज्यौड़ियां सीएचसी पहुंचे और डॉ. संजय गुप्ता को बच्चे की मौत का कारण पूछने लगे। माहौल बिगड़ता देख पुलिस दल भी अस्पताल पहुंच गया और डॉक्टर को वहां से बाहर निकाल कर भगाने की कोशिश करने लगे। इस पर गुस्साए लोगों ने विरोध किया। लोगों ने पुलिस चौकी प्रभारी ज्यौड़ियां सुदेश कुमार तथा डॉ. के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करते हुए पलांवाला-जम्मू मुख्य रोड पर शव रखकर जाम कर दिया।
परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग
मृतक का परिवार बहुत गरीब है। उसके चैन लाल की मौत पहले ही हो चुकी है। उसकी मां लोगों के घरों में बर्तन साफ कर अपने दोनों बच्चों को किसी तरह पढ़ाती थी। मृतक से छोटा एक भाई है। प्रदर्शन कर रहे लोग किशोर के परिवार की डाक्टर की तरफ से आर्थिक सहायता और छोटे भाई की पढ़ाई का खर्चे देने की मांग कर रहे थे।
साथ ही इलाज में लापरवाही करने के आरोप में डाक्टर पर कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे। एसडीएम अखनूर गोपाल सिंह ने कार्रवाई का भरोसा देकर लोगों को शांत किया। थाना प्रभारी अखनूर संजीव गुप्ता तथा एसपी रूरल ने भी मौके पर पहुंच कर लोगों को समझाया। दोपहर बाद सवा दो बजे के करीब शव का पोस्टमार्टम किया जा सका।
नोट--खबर लिखे जाने तक रोड जाम था।