जम्मू। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने कश्मीर घाटी से जम्मू पहुंचे चरस के दो तस्करों समेत तीन लोगाें को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से सात किलो चरस की बड़ी खेप बरामद की गई है। एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि कश्मीर से आई खेप का जम्मू में सौदा किया जा रहा है। ऐन मौके पर तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की पहचान फयाज अहमद, दानिश शफीफी दोनों निवासी हसनपोरा बिजबिहाड़ा और कृष्ण लाल निवासी चांद नगर जम्मू के रूप में हुई है। कृष्ण लाल जम्मू में नशीले पदार्थों का मुख्य सप्लायर बताया जा रहा है। तीनों के खिलाफ संबंधित धाराआें के तहत मामला दर्ज कर छानबीन तेज की गई है।
एएनटीएफ के अनुसार नरवाल स्थित ट्रक यार्ड में एक ट्रक में चरस लाए जाने की पुख्ता सूचना मिली थी। जेके03जी-3911 नंबर के ट्रक की तलाश के लिए अभियान चलाया गया। शुक्रवार को आखिरकार ट्रक ढूंढ लिया गया। टीम ने तलाशी लेकर सात किलो चरस भी बरामद कर ली। कश्मीर से लाई गई चरस को जम्मू में सप्लाई करने के लिए सौदा किया जा रहा था। यह चरस स्थानीय तस्कर के माध्यम से लशे की लत में फंसे युवाआें तक पहुंचाई जानी थी। उल्लेखनीय है कि नशे पर नकेल कसने के लिए प्रदेश सरकार ने हाल ही में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन किया है।