अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। स्मार्ट मीटर के विरोध में वार्ड-13 के लोगों ने महेशपुरा चौक तो मुट्ठी के लोगों ने मुट्ठी में प्रदर्शन किया। 20 मिनट तक एक तरफ सड़क आवाजाही के लिए बंद रही। जैसे ही वाहनों की लंगी कतारें लगी तो रास्ता खोल दिया गया। इंदिरा चौक में भी लोगों ने स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध किया।
वार्ड-13 की पार्षद रमा कुमारी, पूर्व पार्षद बलबीर सिंह, राज बख्शी, रिता साहनी, बूटा राम और भूपेंद्र सिंह ने कहा कि जब से ये मीटर लगे हैं, बिल ज्यादा आ रहा है। अब प्रीपेड मीटर लगाए जा रहे हैं। सरकार को फैसला वापस लेना चाहिए।
लोगों ने करीब चार बजे महेशपुरा चौक में प्रदर्शन किया। स्पष्ट कर दिया है कि फैसला वापस नहीं लिया तो कड़ा विरोध किया जाएगा। इससे पहले लोगों ने रेशमघर कॉलोनी से लेकर महेशपुरा चौक तक रैली निकाली। वहीं, मुट्ठी में भी लोग बोले- स्मार्ट मीटर की रीडिंग तेज घूम रही है। इससे बिल ज्यादा आ रहे हैं। अब हालत यह है कि बिजली सोच समझ कर प्रयोग करनी पड़ रही है। लोगों ने करीब आधा घंटे तक प्रदर्शन किया। इस दौरान सड़क में एक तरफ वाहनों की आवाजाही बाधित रही। इंदिरा काॅलोनी शास्त्री नगर में भी लोगों ने प्रदर्शन कर स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध किया। लोगों ने कहा कि बिल ज्यादा आ रहे हैं। सरकार इसको लेकर कोई फैसला नहीं ले रही है। भारी भरकम बिल भरना मुश्किल हो रहा है।
स्मार्ट मीटर पर आक्रोश, हाईवे जाम कर जताया रोष
जम्मू। शूरवीर जम्मू संगठन ने मुट्ठी के लोगों के साथ स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध में प्रदर्शन किया। हाईवे जाम कर बिजली विभाग और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। अखनूर राजमार्ग को एक घंटे तक अवरुद्ध रखा। संगठन के जनरल सेक्रेटरी अरुण सीकी, रवि तंगोत्रा, केवल, धीरज, भानु प्रताप ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध में विरोध हो रहा है। सरकार कोई सुनवाई नहीं कर रही है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि रसोई गैस, पेट्रोल की कीमत और अन्य वस्तुओं में बढ़ोतरी ने पहले ही जीवनयापन कठिन बना दिया है। प्रदर्शन में प्रताप सिंह जम्वाल, राजन सिंह हैप्पी (पूर्व अध्यक्ष वाईआरएस), साजन शर्मा, आयुष, सुमित, झोनी, दीपक, अभिषेक, शुभम, आकाश शामिल हुए। संवाद