रियासी। आपरेशन सद्भावना के तहत सीआरपीएफ की 126वीं बटालियन की ओर से जिला के दूरदराज ग्रामीण क्षेत्र लाद माहौर और बिडडा गांव में शिविर लगाए गए। इसमें करीब छह सौ लोगों के स्वास्थ्य की जांच करने के साथ ही निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। वहीं, वीरवार को कोड़ी गांव में शिविर लगाया जाएगा।
लाद माहौर में डीडीसी उपाध्यक्ष साजरा कादिर और बिड्डा में एसएसपी रश्मि वजीर ने शिविरों का शुभारंभ किया। वहीं, एएसपी सुरजीत कुमार भगत, कमांडेंट प्रदीप सिंह, सेकेंड कमांडेंट अमित सिंह चौहान भी मौजूद रहे। शिविर में बटालियन के डॉक्टर गौरव, डॉक्टर भानू प्रताप, अस्पताल के डॉक्टर सोनम भगत और डॉक्टर कुसुम ने ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की। दोनों स्थानों पर लगाए गए शिविरों का छह सौ के करीब ग्रामीणों ने लाभ उठाया है। सनद रहे कि सीआरपीएफ की तरफ से फारी, माहौर, रनसू, विजयपुर के बाद बुधवार को बिडडा व लाद माहौर में शिविर लगाए गए हैं। वीरवार को कोड़ी गांव में शिविर का आयोजन किया जाएगा। अधिकारियों ने ग्रामीणों से शिविरों का लाभ उठाने की अपील की है।