अलगाववादी और आतंकी संगठन अमरनाथ यात्रा में खलल डालने की फिराक में हैं। आतंकी जाकिर मूसा की मौत से बौखलाए दहशतगर्द उसके नाम पर अवाम को भड़का कर यात्रा प्रभावित करने की साजिश रच रहे हैं। इसे देखते हुए तमाम सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। अमरनाथ यात्रियों पर पथराव किया जा सकता है या फिर आतंकी आईईडी और ग्रेनेड से हमला कर सकते हैं।
सूत्रों का कहना है कि आतंकी इस कोशिश में हैं कि ग्रेनेड से हमला किया जाए या फिर आईईडी लगाकर अमरनाथ यात्रा के काफिलों को प्रभावित किया जा सके। ऐसे प्रयास होने की खुफिया जानकारी है। जानकारी के अनुसार 1 जुलाई से श्री अमरनाथ यात्रा आरंभ होगी।
अनंतनाग से लेकर श्रीनगर तक रास्ता काफी चुनौतीपूर्ण रहेगा। इसी रास्ते पर ग्रेनेड और आईईडी से हमला किया जा सकता है। इसके अलावा अनंतनाग, पांपोर, कुलगाम के पास यात्रा के वाहनों पर पथराव किया जा सकता है। श्रीनगर टाउन में भी यात्रा के वाहनों पर पथराव किया जा सकता है। आतंकियों की इस मंशा से निपटने के लिए पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने भी कमर कस ली है। करीब 40 हजार सुरक्षाकर्मियों को यात्रा की सुरक्षा में लगाया जाना है।