एलएसी पर हालात सुधरने से चरवाहों और स्थानीय युवाओं को आस बंधी है। चरवाह चाहते हैं कि उन्हें एलएसी पर चरागाहों पर मवेशी लेकर जाने दिया जाए। तनाव कम होने से चरवाहों को गतिविधियां जितनी बढ़ेंगी, अग्रिम इलाकाें की उतनी सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। वहीं, स्थानीय युवा चाहते हैं कि उन्हें पर्यटन स्थल पर सीजनल कारोबार करने की सुविधाएं दी जाएं।
पैंगोंग झील में हर साल बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचते हैं। स्टेंजिन टाकपा, स्टेंजिन नुरबू, लोबसंग टंडार, थिनलेस अंगचुक, सेवांग ग्यालसन और नामग्याल दोरजे समेत करीब 30 युवाओं ने बीते वर्ष पैंगोंग झील किनारे पर्यटन कारोबार के लिए टेंट लगाए थे।
युवाओं का आरोप है कि इन्हें प्रशासन ने हटवा दिया था। उनका तर्क है कि यहां पर्यटन को बढ़ावा देकर रोजगार सृजन के साथ एलएसी की निगरानी को भी मजबूत किया जा सकता है।