जम्मू। राइटर्स क्लब में वीरवार को युवा प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से सिंगिंग एवं इंस्ट्रुमेंटल प्रतियोगिता हुई। शहर के विभिन्न स्कूलों के करीब 50 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और गायन और संगीत का प्रदर्शन कर लोगों का मन मोह लिया। सुर, ताल और वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों से ऐसा समां बांधा कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। गीतों के साथ विभिन्न वाद्य प्रस्तुतियों ने सराहना बटोरी।
प्रतियोगिता का शुभारंभ दोपहर 12:30 बजे हुआ। इसके बाद प्रतिभागियों ने गायन और इंस्ट्रुमेंटल की विभिन्न श्रेणियों में प्रस्तुति दी। आयोजक अमृतपाल सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता को विभिन्न श्रेणियों में विभाजित किया गया था जिनमें गायन और इंस्ट्रुमेंटल का मूल्यांकन विशेषज्ञ निर्णायकों द्वारा गहनता से किया गया। निष्पक्ष तरीके से प्रदर्शन का आकलन कर परिणाम घोषित किए गए। जोधामल स्कूल ने प्रथम, आर्मी पब्लिक स्कूल मीरां साहिब ने द्वितीय तथा हेरिटेज स्कूल ने तृतीय स्थान हासिल किया। अंत में विजेताओं को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में विधायक विक्रम रंधावा व नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा उपस्थित रहे।