संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा, जम्मू। जमानत याचिका के लिए रिश्वत मांगने के मामले में आरोपी सब-इंस्पेक्टर (एसआई) मोहम्मद बशीर मालिक को सस्पेंड कर दिया गया है। एसपी हेडक्वार्टर इरशाद राथर ने इसकी पुष्टि की है। उसके खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं।
हालांकि 24 घंटे बाद भी सीबीआई व आरएस पुरा पुलिस टीम के हाथ खाली ही रहे। कई स्थानों पर छापे के बाद भी मोहम्मद बशीर मालिक को पकड़ा नहीं जा सका। सीबीआई की टीम शनिवार को दूसरे दिन भी आरएस पुरा थाने पहुंची। थानेदार से लेकर पूरे थाने के स्टाफ से पूछताछ की और जरूरी तथ्य जुटाए।
सब इंस्पेक्टर मोहम्मद बशीर मालिक पर जमानत याचिका से संबंधित रिपोर्ट देने के बदले 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। सीबीआई की टीम ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया था, लेकिन वह चकमा देकर रिश्वत की रकम लेकर फरार हो गया।
सूत्रों की मानें ताे सीबीआई की टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयासरत है। शनिवार को सीबीआई के एसएसपी चंदू वैकटेश्वर खुद आरएस पुरा पुलिस स्टेशन पहुंचे और संबंधित अफसरों से जानकारी जुटाई। सीबीआई की अलग अलग टीमों ने आरोपी के पुंछ स्थित पैतृक गांव और जम्मू के बठिंडी स्थित निवास पर भी छापे मारे।