जम्मू। ताशकंद और एथेंस में विश्व कप में हिस्सा लेने के बाद जम्मू-कश्मीर के लिए फिर बेहद गर्व का पल है। क्षेत्र की उभरती और होनहार फेंसर श्रेया गुप्ता को पेरू में होने वाले प्रतिष्ठित सीनियर महिला सेबर विश्व कप के लिए चुना गया है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 22 से 24 मई तक होगी। दुनिया भर के शीर्ष फेंसर उच्चतम स्तर पर प्रतिस्पर्धा करेंगे। श्रेया उस विशिष्ट भारतीय दल का हिस्सा होंगी जिसमें तमिलनाडु की ओलंपियन भवानी देवी, जैफरलिन और हरियाणा की अखिरे शर्मा शामिल हैं।
विज्ञापन
भारत के सर्वश्रेष्ठ एथलीटों का चयन देश में फेंसिंग (तलवारबाजी) के बढ़ते प्रभाव और ताकत को दर्शाता है। इस वर्ष की सीनियर स्वर्ण पदक विजेता श्रेया ने राष्ट्रीय स्तर पर लगातार असाधारण कौशल और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन किया है। विश्व कप के लिए श्रेया का चयन तीन चरणों के ट्रायल के बाद किया गया है। जम्मू और कश्मीर की रहने वाली श्रेया की उपलब्धि ने पूरे क्षेत्र को गौरव दिलाया है। ब्यूरो