- राजोरी के प्राइमरी स्कूल मोहरा खां के शिक्षण स्टाफ पर कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यालय जोनल एजुकेशन ऑफिसर पीड़ी ने प्राइमरी स्कूल मोहरा खां के शिक्षण स्टाफ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विभाग के संज्ञान में मामला आया कि स्कूल के शिक्षक ड्यूटी के दौरान विद्यार्थियों को साथ लेकर एक पूर्व मंत्री से मिलने पहुंच गए। बताया गया कि यह मुलाकात स्कूल के नए भवन के निर्माण की मांग को लेकर की गई थी।
नोटिस में कहा गया है कि यदि यह आरोप सही पाए जाते हैं तो यह सरकारी कर्मचारियों की ओर से ड्यूटी के दौरान अनधिकृत गतिविधियों में शामिल होने और सरकारी आचरण नियमों का उल्लंघन माना जाएगा। विभाग ने यह भी कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों में राजनीतिक स्वरूप होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। साथ ही विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों से हटाकर अन्य कार्यों में शामिल करना भी अनुचित माना गया है। नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि स्कूल भवन निर्माण का मामला पहले ही विभाग द्वारा उचित स्तर पर विचारार्थ भेजा जा चुका है। इसके अतिरिक्त संबंधित क्षेत्र के विधायक पहले ही संस्थान का दौरा कर चुके हैं तथा उन्होंने इस मांग पर अपने विकास योजना में विचार करने का आश्वासन दिया है। जोनल एजुकेशन ऑफिसर पीड़ी ने संबंधित शिक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे नोटिस जारी होने की तारीख से तीन दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। उनसे पूछा गया है कि किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया गया और उनके खिलाफ जम्मू-कश्मीर सरकारी कर्मचारी आचरण नियमों के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों न शुरू की जाए।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय के भीतर जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया तो यह माना जाएगा कि संबंधित शिक्षकों के पास अपनी सफाई में कुछ कहने के लिए नहीं है। ऐसी स्थिति में बिना किसी अतिरिक्त सूचना के नियमानुसार आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।