तिरंगा रैली निकालते भाजपा कार्यकर्ता।
श्रीनगर। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने मंगलवार को श्रीनगर में तिरंगा रैली निकाली। रैली प्रेजेंटेशन कॉन्वेंट स्कूल से शुरू हुई और अमर सिंह कॉलेज, श्रीनगर में समाप्त हुई।
रैली का आयोजन शेख बशीर प्रभारी, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा जम्मू-कश्मीर के महासचिव भट इम्तियाज के नेतृत्व में किया गया। इसमें स्थानीय सदस्यों, युवाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ भागीदारी की। इस दौरान लोगों ने भारत माता की जय, ऑपरेशन सिंदूर जिंदाबाद और भारतीय सेना जिंदाबाद आदि नारे लगाए।
आयोजकों ने बताया कि रैली का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देना, राष्ट्र के रक्षकों के बलिदान का सम्मान करना और जम्मू-कश्मीर के सामाजिक ताने-बाने को मजबूत करना था। कार्यक्रम का समापन देशभक्ति से भरे संबोधनों और क्षेत्र में शांति, एकता और प्रगति के लिए काम जारी रखने की शपथ के साथ हुआ।
बडगाम में भी निकाली तिरंगा यात्रा
भाजपा खानसाहिब बडगाम इकाई ने भी मंगलवार को ऑपरेशन सिंदूर का जश्न मनाते हुए तिरंगा रैली निकाली और पाकिस्तान पर कार्रवाई की सराहना की। रैली में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली टाउन हॉल से शुरू हुई और सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) कार्यालय पहुंचकर समाप्त हुई। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय ध्वज लहराया और भारतीय सेना के समर्थन में नारे लगाए। नेतृत्व वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. अली मोहम्मद मीर ने किया। उन्होंने कहा कि हमारे सैनिकों ने एक बार फिर देश की संप्रभुता की रक्षा में अद्वितीय साहस का परिचय दिया है। यह रैली उनके बलिदान को श्रद्धांजलि है और हमारे विरोधियों को संदेश है कि भारत अपनी अखंडता पर किसी भी तरह का खतरा बर्दाश्त नहीं करेगा।