गर्मी ऊपर से बिजली कटौती के सितम ने रविवार को शीतकालीन राजधानी जम्मू, इसके बाहरी इलाकों और अन्य जिलों में हायतौबा मचा दी। सुबह सात बजे से गुल हुई बिजली दोपहर बारह बजे के बाद बहाल हुई और कुछ मिनटों के बाद फिर गुल हो गई और उसके बाद सायं साढ़े पांच बजे के बाद ही बिजली बहाल होने की प्रक्रिया शुरू हुई।
बर्न ग्रिड स्टेशन में जरूरी मरम्मत कार्य और खराब इंसुलेरेटरों को बदलने के कार्य के चलते ग्रिड स्टेशन कनाल, पौनी चक, कटड़ा, राजोरी, द्राबा, चंदक, ज्यौड़ियां आदि क्षेत्रों में सुबह छह बजे से सुबह ग्यारह बजे तक बिजली विभाग की ओर से शट डाउन लिया गया था, लेकिन शटडाउन दोपहर बारह बजे तक चला। इसके बाद कुछ देर बिजली आपूर्ति बहाल रही और उसके बाद कनाल ग्रिड स्टेशन में 33 केवी लाइन की केबल जल गई।
उससे ग्रिड स्टेशन से करीब आधे शहर में बिजली आपूर्ति की सप्लाई ठप होकर रह गई। मरम्मत कार्य सायं साढ़े पांच बजे तक चला और बिजली आपूर्ति बहाल होने की प्रक्रिया शुरू हुई। टावर संख्या 38-39 बर्न कटड़ा ट्रांसमिशन लाइन में स्नैप हुए कंडक्टरों को बदलने के कार्य के चलते रियासी जिलेे सुबह आठ से दोपहर तीन बजे तक बिजली की आपूर्ति प्रभावित रहेगी। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन में झज्जर कोटली ग्रिड सब स्टेशन के माध्यम से बिजली की आपूर्ति की गई। बिजली विभाग की ईएमएंडआरई डिवीजन जम्मू के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर सुनील कुमार के अनुसार ग्रिड स्टेशनों में जरूरी मरम्मत कार्य की वजह से पहले शटडाउन लिया गया था। इसके बाद कनाल ग्रिड में केबल जलने से समस्या आई।