कटड़ा में प्रदर्शन करते दुकानदार
- फोटो : Amar Ujala
बाणगंगा से अर्द्धकुंवारी के बीच बन रहे लिंक मार्ग का काम बुधवार को भी बंद रहा। भवन के रास्ते के दुकानदार व घोड़ा पिट्ठू वालों ने भी दूसरे दिन हड़ताल रख कर बाणगंगा से आरमी कैंप व रियासी रोड़ से होते हुए एशिया चौक और फव्वारा चौक पर करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन किया।
देर शाम उप मुख्यमंत्री के कहने पर हड़ताल खत्म हो गई। दो दिन में गर्वनर के साथ उच्च अधिकारियों की होने वाली बोर्ड मीटिंग में फैसला लेने की बात कही गई है। बुधवार को दुकानदारों और घोड़ा पिट्ठू वालों ने अपना काम बंद रखा।
देर शाम पहुंचे उप मुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह, रियासी विधायक अजय नंदा, रामनगर विधायक आरएस पठानिया, श्राइन बोर्ड के सीओ एके साहू और जिला आयुक्त रविंद्र कुमार, एसएसपी ताहिर भट व एसडीएम नीलम खजूरिया ने बैठक में लोगों की बात सुनी। स्थानीय लोगों करण सिंह, प्रभात सिंह, रमन सिंह, विजय सिंह, रंजीत सिंह, दर्शन सिंह, शाम सिंह आदि का कहना था कि हमारे दरुड़ के आगे मिलकवार से नए ट्रैक को लिंक दे दिया जाए।
उससे श्राइन बोर्ड का नया ट्रैक भी चलता रहेगा और हमारी रोजी-रोटी भी चलती रहेगी। हमारे गांव को रास्ता नही हैं। इससे हमारा गांव भी सड़क से जुड़ जाएगा। बैठक के बाद रियासी विधायक नंदा ने लोगों से अपील कर अपनी दुकानें खोलने केेे लिए कहा। उन्होंने बताया कि बोर्ड मीटिंग में कोई न कोई हल जरूर निकाला जाएगा। उन्होंने बोर्ड मीटिंग तक श्राइन बोर्ड को लिंक रोड का काम न लगाने की वात कही।