अपनी यूनिट से छुट्टियों पर जा रहे सेना के जवानों से भरी बस की दूसरी बस से टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों बसों के चालक जख्मी हो गए, जबकि सेना के जवानों को चोटें नहीं आईं। दूसरी बस में बैठी एक महिला यात्री को चोट आई है।
दोमाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों बसों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के कारण जम्मू अखनूर मार्ग पर तीन घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। इससे मुसाफिर परेशान होते रहे।
बुधवार शाम पांच बजे के करीब सेना के जवानों को पुंछ से जम्मू ट्रांजिट कैंप और रेलवे स्टेशन लेकर आने वाली कानवाई की एक बस जिसका (जेके02ऐजे 8145) था, को जम्मू से अखनूर की ओर सवारियों से भरी बस (जेके21सी-0449) ने टक्कर मार दी।
इस टक्कर से हालांकि बस में बैठे जवानों को कोई गंभीर चोट तो नहीं आई] लेकिन सेना के जवानों को लेकर आ रही निजी बस के चालक विजय कुमार निवासी बरनाई और जम्मू से अखनूर को ओर जा रही सवारियों से भरी गाड़ी के चालक विजय सिंह चिब निवासी ज्यौड़ियां को चोटें आईं हैं।
दोनों को इलाज के लिए जीएमसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के चलते जम्मू-अखनूर मार्ग पर भारी जाम लग गया। सड़क के दोनों ओर दो-दो किलोमीटर तक गाड़ियों की कतारें लग गईं।