रविवार सुबह शोपियां में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच हुई मुठभेड़ में मारा गया हिजबुल कमांडर सद्दाम पाडर सुरक्षा एजेंसियों की हिट लिस्ट में शुमार था। अपनी कई आतंकी गतिविधियों के कारण वो पिछले कई सालों से सुरक्षा एजेंसियों की रडार पर चल रह था।
हिजबुल कमांडर बुरहान वानी द्वारा साझा की गई उस तस्वीर को याद कीजिए जिसमें सेना की वर्दी में 11 आतंकी नजर आ रहे थे। पाडर ही अब इकलौता सक्रिय आतंकवादी था। पाडर के अलावा, फोटो में दिख रहा तारिक पंडित भी जिंदा है, मगर उसने प्रेमिका के कहने पर आत्मसमर्पण कर दिया था और वह फिलहाल जेल में है।
पाडर का ताल्लुक किसान परिवार से है। पाडर ने बीच में ही स्कूल की पढ़ाई छोड़कर 2015 में आतंकवाद की राह पकड़ ली थी। वो पहले लश्कर-ए-तोयबा का सदस्य था लेकिन बाद में वो हिजुबल में शामिल हो गया। जाकिर मूसा के कश्मीर के हिजुबल कमांडर चीफ का पद छोडऩे के बाद उसका नाम अगले हिजबुल चीफ के तौर पर लिया जा रहा था।
मगर बाद में नाइकू को हिजबुल के कश्मीर ऑपरेशन की जिम्मेदारी सौंप दी गई। पाडर ज्यादा पढ़ा-लिखा नहीं है लेकिन उसे एक ‘चालाक’ आतंकवादी माना जाता है। वो उन चंद लोगों में शामिल था जिस पर बुरहान वानी भरोसा करता था। हिजुबल भी उसे खास तवज्जों देता था।
सद्दाम काफी खूंखार आतंकी माना जाता था
सूत्रों की मानें तो अपने एक के बाद एक करीबियों के मारे जाने के बाद सद्दाम सुरक्षाबलों से बदला लेने के लिए और खूंखार बन चुका है। बुरहान के मारे जाने के बाद बौखलाए पाडर ने कई आतंकी गतिविधियों को अंजाम दिया।
साल 2017 कश्मीर के रहने वाले सेना के टीए जवान इरफान डार की मौत के पीछे भी सद्दाम का नाम सामने आया था। वो ज्यादातर दक्षिणी कश्मीर में ही सक्रिय रहता था।