जम्मू। गुड फ्राइडे पर प्रेम नगर स्थित चर्च से शोभायात्रा निकाली गई। इसमें क्रिश्चियन समुदाय के लोगों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया और प्रदेशवासियों सहित दुनिया को प्रेम, भाईचारे और शांति का संदेश दिया। इसके साथ ही प्रभु यीशु के बताए मार्ग पर चलने की अपील की।
क्रिश्चियन समाज की ओर से शुक्रवार को प्रेमनगर स्थित चर्च से शोभायात्रा शुरू हुई। इसके बाद शहीदी चौक और रेजिडेंसी रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए चर्च में आ कर संपन्न हुई। इस दौरान क्रिश्चियन समाज के लोगों ने चर्च में प्रार्थना कर प्रदेश सहित परिवार में सुख समृद्धि की कामना की। शोभायात्रा में प्रीभु यीशु के जीवन और संघर्षों से जुड़ी झांकियां भी निकाली गईं। इसमें बच्चों से लेकर हर वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस मौके पर राजेश ने बताया कि यह सप्ताह उनके धर्म में अधिक पवित्र माना जाता है। इसे प्रेम, शांति और विजय के प्रतीक माना जाता है।