-खुदकुशी करने वाले राजेश की पत्नी का आरोप, थाने में बार-बार पूछताछ के लिए बुलाकर अभद्रता की जाती थी
- परिवार का दावा, 19 साल पहले दर्ज एक केस में कोर्ट ने राजेश को बरी कर दिया था
- पंखे से फंदाकर लगाकर जान देने से पहले मृतक ने बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर हो रहा वायरल
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जानीपुर के कृष्णा विहार लाइन नंबर सात के रहने वाले 47 वर्षीय राजेश ने शुक्रवार को घर में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जान देने से पहले उसने अपना वीडियो बनाया और उसमें खुदकुशी की वजह भी बताई। मृतक के परिवार का आरोप है कि राजेश ने पुलिस की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या की है। वहीं, शनिवार को दोपहर बाद परिवार के सदस्यों ने जानीपुर में शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। पुलिस की ओर से जांच का आश्वासन मिलने पर प्रदर्शन खत्म किया गया।
मृतक की पत्नी रीना ने आरोप लगाया कि उनके पति को बार-बार जानीपुर पुलिस थाने में बुलाया जाता, जहां उनके अभद्रता की जाती। इसी से आहत होकर उसने इतना बड़ा कदम उठाया और जीवन लीला समाप्त कररी। शनिवार को मृतक राजेश के शव का जीएमसी में पोस्टमार्टम हुआ, जिसके बाद शव को परिवार सदस्यों को सौंप दिया। इससे पहले शनिवार सुबह ही मृतक राजेश के परिवार के सदस्य जीएमसी के शवगृह के बाहर पहुंचे थे। पत्नी रीना तो बेसुध थी। रोते हुए पुलिस पर आरोप लगा रही थी, उसके पति की मौत के लिए पुलिस की प्रताड़ना जिम्मेदार है। रीना ने कहा कि जम्मू में चुनाव की घोषणा के बाद उन्हें आए दिन थाने बुलाया जाता। जब मैं भी थाने जाती तो मेरे साथ भी दुर्व्यवहार किया जाता। बार-बार थाने के चक्कर काटने के से कारोबार भी प्रभावित हो रहा था। पति मोबाइल की दुकान चलाता था। उसी दुकान से पूरा परिवार का पेट भरता था। हमारा एक बेटा है जो सातवीं कक्षा में पढ़ता है। अब परिवार का पालन पोषण कैसे होगा। हालांकि जानीपुर पुलिस की तरफ से कोई बयान जारी नहीं किया गया है। शनिवार दोपहर बाद परिवार के सदस्यों ने जानीपुर में शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। हालांकि पुलिस ने उन्हें जांच का आश्वासन दिया जिसके बाद उन्होंने प्रदर्शन खत्म किया। राजेश जानीपुर में अपने सुसराल में रहता था, वैसे वह नई बस्ती का रहने वाला है। उसके घर में बेटा, पत्नी, सास और साली के बच्चे भी रहते हैं।
मुझे अपराधी की नजर से देख रहे हैं, मैं अब जा रहा हूं...
मृतक राजेश ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो बनाया था जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में राजेश कहते दिख रहे हैं कि 19 साल पहले उन्हें एक झूठे केस में फंसाया गया था, जिसमें वह बरी हो चुका है लेकिन फिर से जानीपुर थाने वाले मुझे बार-बार बुलाते हैं। मेरी छवि को बर्बाद किया गया। मैं अच्छा काम कर रहा था, लोग मेरे पर विश्वास कर रहे थे। थाने वालों ने मुझे हिस्ट्रीशीटर बना दिया है, जिसका मुझे पता नहीं है। 19 साल से मैं अच्छा काम कर रहा था, किसी से लड़ाई या अभद्रता नहीं की। अपना कारोबार कर रहा था। लेनदेन चल रहा था, पैसे ट्रांसफर करने काम करता था। मैं अब परेशान हो गया हूं, काम करने के लायक नहीं रहा। सारे मुझे अपराधी की नजर से देख रहे हैं। मैं अब जा रहा हूं, इसमें मेरे घरवालों का कोई दोष नहीं है, जो भी लेना-देना है वह सब मेरे साथ खत्म हो जाएगा। मेरे बाद कोई भी मेरे घरवालों को तंग करेगा तो जिम्मेवार वही होगा।
जानीपुर थाने के एसएचओ लाइन हाजिर, मामले की होगी जांच
एसडीपीओ जहीर अब्बास जाफरी ने कहा कि राजेश कुमार के आत्महत्या के मामले में जानीपुर थाने के एसएचओ को लाइन हाजिर कर पूरे मामले की जांच के आदेश जारी किए गए हैं। मामले की जांच की जाएगी। मृतक एक हिस्ट्रीशीटर था और उसे रूटीन के मुताबिक पुलिस स्टेशन बुलाया गया था। चूंकि मौत संदिग्ध हालात में हुई है, इसलिए जांच शुरू कर दी गई है। डॉक्टरों के एक बोर्ड ने शव का पोस्टमार्टम किया है। जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले की जांच की जाएगी। इसके लिए जानीपुर थाने के एसएचओ को लाइन हाजिर किया है। इस पूरे प्रकरण की जांच की जाएगी। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. विनोद कुमार गुप्ता, एसएसपी जम्मू