पुलवामा। ट्रेन में भीड़ के कारण दरवाजे के पास खड़े बडगाम के कावूसा निवासी रियाज का पैर फिसल गया। वह चलती ट्रेन से गिर पड़े, यह देख उनकी पत्नी ने उन्हें बचाने के लिए ट्रेन से छलांग लगा दी। हादसे में रियाज की मौत हो गई, वहीं पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं।
रेलवे पुलिस के अनुसार मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के बडगाम के कावूसा निवासी रियाज अहमद मोहंद पुत्र अब्दुल अहद मोहंद अपनी पत्नी के साथ बारामुला से संगलधन जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन में भीड़ होने के कारण रियाज और उनकी पत्नी दरवाजे के पास खड़े थे। पुलवामा के पंजगाम क्षेत्र में वह चलती ट्रेन से गिर पड़े, यह देख पत्नी चीख पड़ी और रियाज को बचाने के लिए कूद पड़ी।
घटना की सूचना पर रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची तो रियाज अहमद मृत मिले, वहीं उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल थीं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, रियाज अहमद ने संतुलन खो दिया और गिर गए, जिसके बाद उनकी पत्नी ने ट्रेन से छलांग लगा दी। पुलिस और रेलवे अधिकारियों ने इस घटना का संज्ञान लिया है।