- कल होने वाली प्रधानमंत्री मोदी की रैली के लिए अभेद सुरक्षा, पूरे शहर में हाई अलर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। 28 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जम्मू में होने वाली चुनावी रैली को लेकर पूरे शहर में हाई अलर्ट कर दिया गया है। विशेषकर एमए स्टेडियम को चारों तरफ से सील करते हुए किसी भी सामान्य नागरिक का प्रवेश रोक दिया गया है।
स्टेडियम के चारों तरफ शार्प शूटर तैनात किए गए हैं। ड्रोन के साथ-साथ करीब चार हजार जवानों को स्टेडियम के भीतर से लेकर बाहर तक तैनात किया गया है। पुलिस के आला अधिकारी निजी तौर पर स्टेडियम का निरीक्षण कर रहे हैं। स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) की टीम जम्मू में मौजूद है जिसने पूरे स्टेडियम को अपने घेरे में लिया हुआ है। इसके अलावा जम्मू शहर से लेकर बार्डर तक कई जगहों पर सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। ताकि हर आने जाने वाले पर पैनी नजर रखी जा सके। डीआईजी जम्मू शिव कुमार का कहना है कि रैली की सुरक्षा को लेकर पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। पर्याप्त मात्रा में सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं। पूरे शहर को अलर्ट पर रखा गया है।
स्टेडियम के आसपास से रेहड़ी-फड़ियां हटाईं
प्रशासन की तरफ से एमए स्टेडियम के आसपास के क्षेत्र में तमाम रेहड़ी-फड़ियों को हटा दिया गया है। स्टेडियम के इर्दगिर्द वाहनों के रुकने पर रोक लगा दी गई है। आसपास के होटलों में पुलिस की तरफ से जरूरी निर्देश जारी किए गए हैं। वहीं तमाम पुलिस अफसरों को अपने-अपने क्षेत्र में मौजूद रहने के लिए कहा गया है।
नोट: इसके साथ ट्रैफिक प्लान की खबर भी आएगी