जम्मू। जच्चा-बच्चा अस्पताल शालामार में मंगलवार और बुधवार की मध्यरात्रि घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। अस्पताल परिसर में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। तीन लोग घायल हो गए। अस्पताल में दहशत का माहौल रहा। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को स्थिति काबू करने में ही करीब दो घंटे लग गए। फिलहाल एफआईआर दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार पुंछ निवासी वैशाली करीब दस महीने से नगरोटा में मायके घर रह रही है। कुछ दिन पहले उसका चार वर्षीय बच्चा बीमार हो गया जो शालामार अस्पताल में भर्ती था। मंगलवार को वैशाली की बहन का पति दिनेश रिश्तेदारों के साथ वहां पहुंचा जिसकी वैशाली के पति साहिल खान से घरेलू विवाद को लेकर बहस हो गई। रात करीब ढाई बजे बहस मारपीट में बदल गई। दिनेश ने लोहे के कड़े से साहिल खान, आशिक और रिहान पर हमला कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग भिड़ गए और लात-घूंसे चलने लगे। अचानक हुए हंगामे से मरीज और उनके तीमारदार घबरा गए।
कई लोग बच्चों और परिजन को लेकर वार्ड से बाहर निकल आए। अस्पताल चौकी में तैनात पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे लेकिन बढ़ते विवाद के कारण स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। बाद में सीटी थाना की एसएचओ शक्ति शर्मा अतिरिक्त पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचीं। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को अलग किया गया। पुलिस के अनुसार मारपीट में दिनेश, विजय, अजय और एक अन्य व्यक्ति शामिल था। घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है। एसएचओ शक्ति शर्मा ने बताया कि अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि पूरी घटना की जांच की जा सके।