रियासत के छोटे कस्बों की युवतियों के सेक्स रैकेट से जुड़े होने की सूचनाओं ने पुलिस को चौकन्ना कर दिया है। इसका खुलासा पिछले दिनों पहले अखनूर से लापता हुई युवती की बरामदगी के बाद हुआ है।
पुलिस के रडार पर राजनीति और व्यापार जगत से जुड़ी कई हस्तियां भी आ गईं हैं। मामले का खुलासा होने के बाद अखनूर क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। अखनूर पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
अखनूर थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। युवती के बयान के आधार पर कुछ अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। युवतियों के सेक्स रैकेट में शामिल होने की संभावनाओं से इंकार नहीं किया जा सकता।
मिली जानकारी के अनुसार अखनूर की ही कुछ महिलाएं सेक्स रैकेट के सदस्यों के संपर्क में हैं, जिनके मार्फत भोली-भाली लड़कियों को फंसाकर इस धंधे में धकेला जाता है।
युवती से पूछताछ में कुछ महत्वपूर्ण नंबर मिले हैं, जिनकी पुलिस तफ्तीश कर रही है। बताया जाता है कि अखनूर के अलावा अन्य छोटे शहरों और कस्बों की लड़कियां भी गिरोह के जाल में फंसी हैं। इनमें कुछ के नाम भी पुलिस को हासिल हुए हैं।