प्रदेश में सर्दी बढ़ने के साथ कश्मीर के अधिकांश जिलों में रात का पारा गिरने लगा है। पहलगाम, कुपवाड़ा, गुलमर्ग के अलावा लेह और कारगिल में रात का तापमान शून्य से नीचे चला गया है। घाटी में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
प्रदेश के अधिकांश जिलों में दिन का तापमान भी सामान्य से 3 से 6 डिग्री नीचे चल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार रविवार और सोमवार को जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
विश्व विख्यात पर्यटन स्थल पहलगाम में बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बर्फबारी से पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की आमद बढ़ने की उम्मीद है। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान माइनस 4.0 और कुपवाड़ा में माइनस 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
लेह में कड़ाके की ठंड के बीच न्यूनतम तापमान माइनस 8.8 और कारगिल में माइनस 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू में दिनभर मौसम साफ रहा, लेकिन तड़के और रात को ठंड बढ़ी है।
यहां दिन का तापमान 27.4 और न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बनिहाल में न्यूनतम तापमान 4.6, बटोत में 5.0, कटड़ा में 10.4 और भद्रवाह में 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।