जम्मू संभाग के जिला रियासी, राजोरी और किश्तवाड़ में आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर पुलिस ने संज्ञान लिया है। तीनों जिलों की पुलिस ने अलग-अलग थानों में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने साथ ही लोगों से अपील करते हुए कहा है कि सोशल मीडिया का प्रयोग करते हुए कानून का उल्लंघन न करें। वहीं, रियासी में युवाओं ने आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर को लेकर प्रदर्शन किया है और इस मामले में उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की। इससे राजोरी जिले के शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने की की कोशिश की गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया है और उनके खिलाफ एक समुदाय की धार्मिक भावनाओं का अपमान करने का मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने कहा कि रियासी में भी इसी तरह के एक मामले में पुलिस ने कथित तौर पर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने के लिए एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एसएसपी रियासी अमित गुप्ता ने लोगों को सलाह दी कि वे सोशल मीडिया पर ऐसी कोई भी आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने से बचें जो क्षेत्र में शांति और सद्भाव को बिगाड़ती हो।
एसएसपी ने कहा, 'सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नजर रखी जा रही है। जो व्यक्ति भड़काऊ और नफरत फैलाने वाला कुछ भी पोस्ट करेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उधर, किश्तवाड़ में सोशल मीडिया पर अपमानजनक पोस्ट करने के आरोप में मंगलवार को एक नाबालिग पर मामला दर्ज किया गया है।