श्रीनगर लोकसभा सीट पर पुनर्मतदान से एन पहले सात उम्मीदवारों ने चुनाव बहिष्कार का एलान कर हड़कंप मचा दिया है। सातों उम्मीदवारों ने बुधवार को यहां संयुक्त पत्रकार वार्ता में 38 पोलिंग बूथों पर पुनर्मतदान के फैसले का कड़ा विरोध करते हुए चुनावी प्रक्रिया पर एतराज जताया।
उन्होंने कहा, वे अपने भाईयों को मरने नहीं देना चाहते हैं। अवाम को चाहिए कि वह मूर्ख बनाने की इस प्रक्रिया का हिस्सा न बनें और अपने घरों में रहकर उपचुनाव का बहिष्कार करें। सात उम्मीदवारों में शामिल राष्ट्रीय जनक्रांति पार्टी के मिर्जा सजाद हुसैन बेग, अखिल भारतीय हिंदू महासभा से चेतन शर्मा, राष्ट्रीय समाजवादी पार्टी (सेकुलर) से इंजीनियर सजाद रेशी, लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी से बिक्रम सिंह, निर्दलीयों में फारूक अहमद डार, गुलाम हसन डार और महराज रशीद मलिक ने पुनर्मतदान के फैसले को एकतरफा बताया।
मिर्जा सजाद ने कहा, 38 पोलिंग बूथों पर पुनर्मतदान कराने के फैसले को लेकर उन्हें विश्वास में नहीं लिया गया। इस मामले पर उन्होंने रिटर्निंग आफिसर और मुख्य चुनाव अधिकारी से मुलाकात करने की कोशिश की लेकिन अधिकारी अपने दफ्तरों में मौजूद नहीं थे। मिर्जा सजाद ने कहा, यह इलेक्शन नहीं सिलेक्शन है। अवाम को मूर्ख बनाया जा रहा है।