फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jammu News: कालूचक-पुरमंडल मार्ग पर होगा सात पुलों का निर्माण, 29 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर

विज्ञापन
विज्ञापन
बरसात के दिनों में यातायात बाधित होने की समस्या होगी दूर, जल्द शुरू होगा पुलों का निर्माण कार्य
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
बाड़ी ब्राह्मणा। क्षेत्र के कालूचक-पुरमंडल के बीच 22 किलोमीटर के सड़क मार्ग पर आने वाले बहते नालों के ऊपर सात पुलों के निर्माण कार्य को मंजूरी मिल गई है। पुल निर्माण कार्य के लिए 29 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत का बजट स्वीकृत हुआ है। पुलों का निर्माण होने से बरसात के दिनों में यातायात बाधित होने की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा।

लोक निर्माण विभाग ने इस परियोजना की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। ठेकेदारों को अलॉटमेंट जारी करना शुरू कर दिया गया है। पुलों का निर्माण कार्य दो चरणों में संपन्न कराया जाएगा। टेंडर दस्तावेजों के अनुसार, यह पुल प्री-स्ट्रेस्ड कंक्रीट डिजाइन के डबल लेन वाले होंगे, जो नालों के उफान पर आने पर भी यातायात को सुगम बनाए रखेंगे। इन पुलों के बनने से लोगों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा।
विज्ञापन


सड़क मार्ग हो जाता है बंद, टापू बन जाते हैं गांव
मौजूदा समय में खड़ा, मदाना, सदयाल, तक्कार और मंडल क्षेत्रों में बरसात के दिनों में नाले ओवरफ्लो होकर सड़क के ऊपर से बहते हैं, जिससे सड़क मार्ग पूरी तरह बंद हो जाता है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह समस्या हर वर्ष जून से सितंबर तक गंभीर रूप ले लेती है, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चे, मरीज और दैनिक यात्री भारी परेशानी का सामना करते हैं। मरीजों के लिए भी इलाज के लिए उफनाए नालों को पार करना बड़ी कठिन समस्या रहती है। पुल बनने से सालभर कभी भी लोगों को आवागमन में दिक्कतें नहीं होंगी।

क्षेत्र की बड़ी आबादी को मिलेगी राहत
पुलों का निर्माण होने के बाद यातायात सुगम हो जाएगा और लोगों को सड़क मार्ग की विशेष सुविधा मिलेगी। इस परियोजना से कालूचक-पुरमंडल मार्ग से जुड़े दर्जनों गांवों की बड़ी आबादी को सीधा लाभ होगा। स्थानीय लोगों ने इस मंजूरी का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि अब बरसात के दिनों में भी वे बिना किसी रुकावट के अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

तीर्थ यात्रियों को मिलेगी सहूलियत
जम्मू संभाग के अलावा बाहरी अन्य राज्यों से पुरमंडल और उत्तरबहनी पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को विशेष राहत मिलेगी। पुरमंडल देविका नदी के किनारे स्थित प्रमुख धार्मिक स्थल है और इसे जम्मू की छोटी काशी के नाम से भी जाना जाता है। देविका को गुप्त गंगा के रूप में श्रद्धालुओं की गहरी आस्था से जोड़ा जाता है।अमावस्या और पूर्णिमा के अवसर पर यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या करीब एक लाख तक पहुंच जाती है। बड़ी संख्या में लोग गुप्त गंगा में स्नान करके, अस्थियां विसर्जित करने और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए पहुंचते हैं। मान्यता के अनुसार अविवाहितों का अंतिम संस्कार भी पुरमंडल में किया जाता है। शिवरात्रि के अवसर पर यहां भव्य मेले का आयोजन होता है, जिसमें दूर-दराज के क्षेत्रों और बाहरी राज्यों से श्रद्धालु शामिल होते हैं।
विज्ञापन

वर्जन
कालूचक-पुरमंडल मार्ग पर सात पुलों की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है और अलॉटमेंट जारी है। जल्द ही पुलों का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। -सतपाल, एईई पीडब्ल्यूडी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें