श्रीनगर में बंद का असर (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
कश्मीर घाटी में पिछले दिनों कुछ लोगों के मारे जाने की घटनाओं के विरोध में अलगाववादियों के आह्वान पर की गई हड़ताल की वजह से सोमवार को कश्मीर में सामान्य जन-जीवन प्रभावित हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में ज्यादातर दुकान और कारोबारी प्रतिष्ठान बंद रहे। उन्होंने बताया कि बंद के दौरान सड़कों से वाहन नदारद रहे लेकिन निजी वाहन, ऑटोरिक्शा और कैब शहर के कुछ इलाकों में चल रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि घाटी के अन्य जिला मुख्यालयों से भी आम जनजीवन प्रभावित होने की खबरें हैं। अलगाववादी सैय्यद अली शाह गिलानी, मीरवाइज उमर फारूक और मोहम्मद यासीन मलिक ने ज्वाइंट रेसिस्टेंस लीडरशिप (जेआरएल) के बैनर के तले कश्मीर में लोगों के मारे जाने के खिलाफ रविवार को लोगों से सोमवार को हड़ताल करने का आह्वान किया था।