रामगढ़। सीमावर्ती गांव नंदपुर पंचायत चक नाजर में नहर किनारे रहने वाले लोगों को कई प्रकार की मुश्किलें हो रही हैं। नहर जगह-जगह टूटी है। साथ ही यह कचरे से पटी हुई है। जब कभी पानी इसमें आ जाता है तो तो पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर बहने लगता है। बढ़ती समस्या को देखते हुए लोगों ने स्वयं ही नहर की सफाई शुरू कर दी है।
स्थानीय निवासी शामा चौधरी, बबी चौधरी, रोशन चौधरी, पूर्व सरपंच सरदार मोहन सिंह भट्टी आदि का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्र के किसानों को काफी मुश्किलें झेलनी पड़ती हैं। पूर्व पंच बाबा चौधरी ने कहा कि इसका जिम्मेदार नहर विभाग है। गंदगी की वजह से क्षेत्र में बदबू होने लगी है। ऐसे में बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है। शामा चौधरी ने कहा कि हमें दुकानों पर बैठना मुश्किल हो गया है। बरसात में मुश्किल और बढ़ जाती है। किसान नेता भगवान चौधरी ने कहा कि नहर की सफाई अच्छी तरह नहीं हुई और कई साल से नहर में पानी नहीं आया। नहर का निर्माण किसानों को बेवकूफ बनाने के लिए किया गया है। क्योंकि इसमें पानी नहीं छोड़ा जाता है जिससे खेतों की सिंचाई हो सके।