भलवाल ब्राह्मणा में बच्चे गली की सफाई करते हुए।
ज्यौड़ियां। तहसील के गांव भलवाल ब्राह्मणा की मुख्य गली दिन प्रतिदिन जर्जर बनती जा रही है। इसके मद्देनजर रविवार की सुबह बारिश के बीच गांव के बच्चे गली की सफाई करते नजर आए। बच्चों ने बताया कि गली में बुजुर्गों का चलना मुश्किल है। हमें भी डर रहता है कि कहीं कोई दो पहिया वाहन चालक फिसलने से गिर न जाए।
सनद रहे कि गांव भलवाल ब्राह्मणा की गली की हालत जर्जर होने से गांव के लोगों के लिए गली में आना जाना दूभर है। इसके चलते गांव के बच्चों ने रविवार को गली की सफाई की। स्थानीय लोगों ने गली के दोनो किनारों पर नालियों का जल्द निर्माण करने की मांग कई बार की है। लोगों का कहना है कि गली को पक्का करने के लिए दो तीन-बार तारकोल डाली गई है, लेकिन किनारों पर नाली का निर्माण नहीं होने से घरों का पानी गली में आ जाता है और गली टूट जाती है। सरपंच डिंपल शर्मा ने भी माना है कि गली में नालियों का निर्माण करने के लिए जगह की कमी है। क्योंकि जहां पर गली जर्जर है वहां लोगों की तरफ नालियों के निर्माण के लिए जगह ही नहीं छोड़ी गई है।