जम्मू। स्वच्छ भारत मिशन के सपने को साकार करने के लिए समाजसेवी केवल बडेरा अहम भूमिका निभा रहे हैं। बडेरा जम्मू शहर के रूपनगर के रहने वाले हैं। वह सुबह सैर के दौरान गलियों और मोहल्लों में जाकर पॉलीथिन स्वयं एकत्रित कर अपने घर ले आते हैं। इतना ही नहीं 150 से ज्यादा स्कूलों में भी बच्चों को कचरे के सही निस्तारण और पॉलीथिन का प्रयोग न करने को जागरूक कर चुके हैं।
केवल बडेरा सैर के दौरान पॉलीथिन एकत्रित करतेे हैं। इसे अपने घर में लाकर डंप कर रहे हैं। 28 सितंबर को पॉलीथिन को नगर निगम के हवाले करेंगे। बडेरा का कहना है कि वह स्वच्छ भारत मिशन के सपने को साकार करना चाहते हैं। इसी मंशा से पॉलीथिन के दुष्प्रभावों पर भी जानकारी दे रहे हैं। सैर के दौरान वह लोगों को भी जागरूक कर रहे हैं। इतना ही नहीं, शाम के समय वृद्धाश्रम में बुजुर्गों का मनोरंजन करते हैं। भक्ति संध्या में भजन सुनाकर भी मनोरंजन कर रहे हैं। बडेरा ने कहा कि वह अपने अभियान को जारी रखेंगे। उनके दोस्त इस मिशन में उनका सहयोग कर रहे हैं। वे सभी पॉलीथिन एकत्रित कर घर ला रहे हैं। उन्होंने शहरवासियों से अनुरोध किया है कि उनके अभियान में सहयोग कर गलियों से पॉलीथिन उठाकर नगर निगम के हवाले करें। इस योगदान से शहर को स्वच्छ बनाने में मदद मिलेगी।